वॉशिंगटन: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 सितंबर को तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे। ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद उनकी अगवानी की। किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचना अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए एक असामान्य प्रोटोकॉल कदम माना जा रहा है।
यह शी का एक दशक से अधिक समय बाद वॉशिंगटन का पहला राजकीय दौरा है। व्हाइट हाउस के कार्यक्रम के मुताबिक 24 सितंबर को शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के लिए औपचारिक स्टेट अराइवल सेरेमनी होगी। इसके बाद ट्रंप और शी की वार्ता तथा शाम को स्टेट डिनर आयोजित किया जाएगा।
व्यापार और AI पर रहेगी नजर
दोनों नेताओं की बातचीत में अमेरिका-चीन व्यापार संबंध, टैरिफ, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं। ताइवान और ईरान से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है। हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक मतभेदों के बावजूद शीर्ष स्तर पर बातचीत जारी है।
ट्रंप के चीन दौरे के बाद शी की यात्रा
शी की अमेरिका यात्रा ऐसे समय हो रही है जब मई में ट्रंप चीन का दौरा कर चुके हैं। अब दोनों नेताओं की छह महीने के भीतर दूसरी आमने-सामने मुलाकात हो रही है। दोनों सरकारों ने संवाद बनाए रखने और मतभेदों को बातचीत के जरिए संभालने पर जोर दिया है।
व्हाइट हाउस के अनुसार शी का राजकीय दौरा 25 सितंबर तक चलेगा। शुक्रवार को दोनों नेताओं और उनकी पत्नियों के लिए व्हाइट हाउस में कार्यक्रम के बाद नेशनल आर्काइव्स का दौरा भी निर्धारित है।

