Greater Noida Bus Fire: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक यात्री बस में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। दयानतपुर गांव के पास हुए इस अग्निकांड में 9 यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। रात करीब 11 बजे जेवर टोल के नजदीक बस में आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
धुएं के बीच यात्रियों में मची भगदड़
आग फैलते ही बस के भीतर घना धुआं भर गया। कुछ यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर फंस गए। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई और अफरातफरी के बीच लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर BR32 PA8647 बताया गया है और बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक से पूछताछ, दस्तावेजों की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के फिटनेस और परमिट समेत जरूरी दस्तावेज वैध पाए जाने की बात कही गई है। चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
हादसे के बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। पुलिस आग लगने के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

