Asian Games 2026: एशियाड में भारत का डबल धमाका! रोशिबिना को सिल्वर, रोइंग में सतनाम-सलमान ने जीता ब्रॉन्ज

0
3

Asian Games 2026 Day 5: एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत की झोली में दो और मेडल आए। वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया। फाइनल में चीन की झांग शियाओयू ने उन्हें 2-0 से हराया।

रोशिबिना का एशियन गेम्स में यह लगातार तीसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 जकार्ता में ब्रॉन्ज और 2023 हांगझोउ में सिल्वर जीता था। इस उपलब्धि के साथ वह एशियाड के लगातार तीन संस्करणों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं।

रोइंग में सतनाम-सलमान की जोड़ी ने जीता कांस्य

पुरुष डबल स्कल्स में सतनाम सिंह और सलमान खान ने 6:13.25 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी शुरुआती तीन चरणों तक दूसरे स्थान पर थी, लेकिन अंतिम हिस्से में चीन की जोड़ी से पिछड़ गई।

सतनाम का एशियन गेम्स में यह दूसरा ब्रॉन्ज है। इससे पहले वह हांगझोउ में पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स टीम के साथ कांस्य जीत चुके हैं। वहीं पुरुष सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार 6:54.80 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे और पदक से चूक गए।

एथलेटिक्स में मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम फाइनल में

भारत ने मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले की हीट में दूसरा स्थान हासिल करते हुए फाइनल का टिकट पक्का किया। टीम ने दौड़ के दौरान बढ़त बनाए रखी, हालांकि आखिरी चरण में चीन ने वापसी करते हुए भारत को पीछे कर दिया। दूसरे स्थान पर रहने के कारण भारतीय टीम फाइनल में पहुंच गई।

हेप्टाथलॉन में पूजा और अनामिका अपने-अपने 100 मीटर हर्डल्स मुकाबलों में पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं कैनो स्प्रिंट में मेघा प्रदीप महिला 200 मीटर सिंगल सेमीफाइनल में चौथे स्थान पर रहने के कारण फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

शूटिंग में एक अंक से चूके आकाश

10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में कमलजीत ने 580 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल कर व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाई। आकाश भारद्वाज 579 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहे और महज एक अंक के अंतर से फाइनल से बाहर हो गए। दोनों भारतीय निशानेबाजों के संयुक्त 1159 अंक टीम स्पर्धा में भारत को तीसरे स्थान पर रखते हैं।

स्वीमिंग में फाइनल से बाहर हुई भारतीय रिले टीम

पुरुषों की 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में भारतीय टीम 3:23.51 के समय के साथ 13 टीमों में 12वें स्थान पर रही। इस प्रदर्शन के साथ टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। आर्यन नेहरा पुरुष 800 मीटर फ्रीस्टाइल के बी फाइनल में तीसरे स्थान पर रहे।

भारत के खाते में अब 14 पदक

पांचवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के नाम 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज समेत कुल 14 पदक दर्ज हैं। वहीं एशियन गेम्स के पांचवें दिन कुल 55 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले हो रहे हैं। रोइंग में 14, जबकि स्वीमिंग और वुशु में 7-7 गोल्ड दांव पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here