9/11 Terror Attack: 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों से जुड़े मामले में सामने आए कुछ पुराने वीडियो ने जांच को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। BBC की जांच के मुताबिक, इन फुटेज में सऊदी नागरिक उमर अल-बायूमी को अल-कायदा से जुड़े रहे अनवर अल-अवलाकी के साथ देखा गया है। एक वीडियो में दोनों पेंटबॉल अभ्यास में भी नजर आते हैं।
पेंटबॉल ट्रेनिंग का वीडियो आया सामने
रिपोर्ट के अनुसार, सैन डिएगो के पास 1997-98 के दौरान बनाए गए फुटेज में कुछ लोग सैन्य शैली के कपड़ों में अभ्यास करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान बायूमी और अवलाकी को साथ देखा गया। एक अन्य वीडियो में दोनों के बीच मुलाकात और गले मिलने का दृश्य है।
इन वीडियो को अमेरिकी जांच एजेंसियों ने 9/11 हमलों के बाद हासिल किया था, लेकिन इन्हें लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं किया गया।
9/11 संदिग्धों से जुड़ा था बायूमी का नाम
बायूमी 1994 में अमेरिका पहुंचा था और बाद में FBI की शुरुआती जांच के दायरे में आया। उसका नाम उन दस्तावेजों में मिला था, जिनका संबंध 9/11 के दो अपहरणकर्ताओं से बताया गया था।
सितंबर 2001 में ब्रिटेन में उसकी गिरफ्तारी के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज, तस्वीरें और वीडियो टेप जब्त किए गए थे। इनमें विमान का एक हाथ से बना चित्र भी शामिल था, जिसे बाद में जांच में महत्वपूर्ण माना गया।
बायूमी और सऊदी सरकार ने आरोपों से किया इनकार
बायूमी और सऊदी सरकार दोनों ने 9/11 हमलों में किसी भूमिका या हमले की पूर्व जानकारी होने के आरोपों को खारिज किया है। BBC के अनुसार, इस मामले पर बायूमी और सऊदी सरकार से प्रतिक्रिया मांगी गई, लेकिन जवाब नहीं मिला। FBI ने भी टिप्पणी करने से इनकार किया।

