180 यात्रियों वाली फ्लाईदुबई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, इजरायल में मचा हड़कंप;जानिये आखिर हुआ क्या?

0
9

Flydubai Flight Emergency Landing: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को बुधवार, 30 सितंबर को अचानक सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान में करीब 180 यात्री और क्रू सदस्य सवार बताए गए हैं। उड़ान के दौरान इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड सक्रिय होने के बाद इजरायल में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

फ्लाइट-ट्रैकिंग जानकारी के मुताबिक विमान ने पहले Squawk 7700 जारी किया, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत है। इसके बाद 7500 कोड दिखाई दिया, जिसका इस्तेमाल विमान हाईजैक होने की स्थिति में किया जाता है। इस घटनाक्रम के बाद विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका पैदा हो गई।

दो मिनट में 17,400 फीट नीचे आया विमान

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन लगभग दो मिनट में इसकी ऊंचाई घटकर करीब 16,600 फीट रह गई। घटनाक्रम के दौरान इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी अलर्ट किए जाने की खबर सामने आई।

कुछ रिपोर्ट्स में कॉकपिट के भीतर पायलटों के बीच विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि घटना के वास्तविक कारण को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। शुरुआती आशंका के विपरीत बाद की रिपोर्ट्स में इसे हाईजैकिंग का मामला नहीं बताया गया।

सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा विमान

फ्लाइट को अंततः सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि FZ1073 ने तबूक में सुरक्षित लैंडिंग की और एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की जांच कर रही है। एयरलाइन के मुताबिक यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

क्या होते हैं 7500, 7600 और 7700?

विमानों में इस्तेमाल होने वाले चार अंकों के Squawk Code के जरिए ATC को विमान की स्थिति के बारे में महत्वपूर्ण संकेत मिलते हैं।

  • 7500: विमान के हाईजैक होने या इसी तरह की सुरक्षा संबंधी गंभीर स्थिति का संकेत।
  • 7600: रेडियो कम्युनिकेशन फेल होने की स्थिति।
  • 7700: सामान्य आपात स्थिति, जैसे तकनीकी खराबी या मेडिकल इमरजेंसी का संकेत।

इस घटना में 7700 और 7500 कोड सामने आने के कारण सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और यात्रियों तथा क्रू के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here