सेव डेमोक्रेसी मार्च, 5 बड़ी रैली’,INDIA गठबंधन की बैठक में लिए गए ये 5 बड़े फैसले

0
8

इंडिया गठबंधन की बुधवार को हुई बैठक में विपक्षी रणनीति को और धारदार बनाने को लेकर खास रणनीति तैयार की गई। इस दौरान विपक्षी नेताओं की ओर से पांच बड़े फैसले लिए गए। इनमें 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों की ओर से चुनाव आयोग तक मार्च करना भी शामिल है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA ब्लॉक ने युवाओं, राजनीतिक दलों और लोकतंत्र एवं संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए कार्यक्रम तय किए हैं। 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला जाएगा. यह मार्च सभी जिलों में आयोजित होगा। इसके जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा और जिला अधिकारियों के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च निकाला जाएगा।खरगे ने कहा कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति को चुनाव में कथित वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, इंडिया गठबंधन की ओर से पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी, लेकिन उनकी जगह और समय बाद में तय किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन रैलियों के जरिए जनता को बताया जाएगा कि सरकार किस तरह लोगों के मतदान के अधिकार को छीन रही है और कथित तौर पर वोट चोरी की जा रही है।
इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमला किया है।उन्होंने कहा कि जो दोषी हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि जब ज्ञानेश कुमार जाएंगे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जाएंगे। खरगे ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ी मेगा रैली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं और अब लोग भी इस मुद्दे को समझ रहे हैं।ममता बनर्जी ने भी कई मौकों पर वोट चोरी का मुद्दा उठाया है।खरगे ने कहा कि पहले लोग इन आरोपों पर विश्वास नहीं करते थे, लेकिन अब चुनाव आयोग के सामने आए तथ्यों के बाद कथित वोट चोरी की सच्चाई सामने आ रही है।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि INDIA ब्लॉक पूरी तरह एकजुट है और साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ है, वह बहुत बड़ी चोरी है। उनके मुताबिक, बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में कथित वोट चोरी के जरिए चुनाव जीते गए।

ममता बनर्जी ने कहा कि इस मामले को लेकर विपक्ष सुप्रीम कोर्ट भी गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here