Bihar News : बिहार में कृषि क्षेत्र को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य के सभी कृषि फीडरों के सोलराइजेशन के लिए कुल ₹2,761.55 करोड़ के अनुदान को मंजूरी दी गई है।
इस योजना के तहत बिहार में 2,585 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए ₹2,714.25 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसका उद्देश्य कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़कर बिजली की उपलब्धता को मजबूत करना और कृषि क्षेत्र में अक्षय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा 946 विद्युत उपकेंद्रों में योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को ₹47.30 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यानी सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और योजना के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के लिए सरकार ने कुल ₹2,761.55 करोड़ की मंजूरी दी है।
सरकार के इस फैसले से कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। कृषि फीडरों के सोलराइजेशन से आने वाले समय में किसानों के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक टिकाऊ बनाने में मदद मिल सकती है।

