Poonam Raut Retirement: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज पूनम राउत ने 15 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। साल 2009 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली पूनम ने वनडे, टेस्ट और टी20 तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह उन चुनिंदा भारतीय महिला क्रिकेटरों में शामिल हैं, जिन्होंने वनडे और टेस्ट दोनों में शतक लगाया है।
पूनम ने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की जानकारी देते हुए भारतीय टीम के लिए खेलने को अपने जीवन का गौरवपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने मुंबई की गलियों से लेकर देश की जर्सी पहनने तक के सफर को याद करते हुए कहा कि इस यात्रा में संघर्ष, त्याग, जीत और कई यादगार पल शामिल रहे।
‘क्रिकेट ने मुझे करियर से कहीं ज्यादा दिया’
अपने भावुक संदेश में पूनम ने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उनके क्रिकेट सफर में भरोसा किया और उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें करियर के साथ मकसद, पहचान और एक परिवार भी दिया। उनका कहना है कि भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन इस खेल के प्रति उनका प्यार बना रहेगा। अब वह क्रिकेट को कुछ लौटाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती हैं।
ऐसा रहा पूनम राउत का इंटरनेशनल करियर
पूनम राउत ने भारत के लिए 73 वनडे मुकाबलों में 2,299 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और 15 अर्धशतक निकले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने चार मैच खेलकर 264 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल रहा। वहीं, 35 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 719 रन बनाए और चार अर्धशतक लगाए।
पूनम ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जून 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में खेला था। अब उनके संन्यास के साथ भारतीय महिला क्रिकेट में उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सफर समाप्त हो गया है।

