Abhijeet Dipke Detained: दिल्ली में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा से पहले पुलिस ने अभिजीत दीपके और नेहा बोर को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों को मंडी हाउस से जुड़े घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि दीपके और सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के अन्य कार्यकर्ताओं को मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी।
बताया गया कि अभिजीत दीपके को घर से बाहर निकलते ही पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई की वजह पूछी। पुलिस ने कथित तौर पर इसे एहतियाती कार्रवाई बताते हुए कहा कि उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं है। दीपके ने सवाल उठाया कि जब वह कानून नहीं तोड़ रहे और अकेले जा रहे हैं, तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है।
कनॉट प्लेस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
तिरंगा मार्च को देखते हुए दिल्ली के कनॉट प्लेस में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। आउटर, मिडिल और इनर सर्किल में दिल्ली पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए। सेंट्रल पार्क के प्रवेश द्वारों और आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
प्रशासन की ओर से एहतियाती इंतजामों के बीच इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

