Yemen Missile Attack: यमन में राष्ट्रपति भवन पर मिसाइल हमला, 4 की मौत; सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी

0
5

Yemen Missile Attack: यमन के अदन शहर में राष्ट्रपति भवन अल-माशिक पैलेस को निशाना बनाकर किए गए हमले में चार लोगों की मौत की खबर है। घटना के दौरान इलाके में छह जोरदार धमाके सुने गए। शुरुआती रिपोर्टों में हमले के लिए हूती विद्रोहियों की बैलिस्टिक मिसाइल का जिक्र किया गया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यमन की कैबिनेट के आधिकारिक बयान के मुताबिक, हमले में कई सुरक्षा गार्ड मारे गए या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में दो सरकारी अधिकारियों ने बताया कि हमले के समय मौजूद प्रधानमंत्री और अन्य मंत्री सुरक्षित हैं।

हूतियों के हमलों से बढ़ा तनाव

यमन के सरकारी मीडिया के अनुसार, कैबिनेट ने इस घटना को हूती विद्रोहियों की बढ़ती आक्रामकता से जोड़ा है। सरकार ने ताइज और लाहिज समेत विभिन्न इलाकों तथा सऊदी अरब के नागरिक क्षेत्रों पर हो रहे हमलों को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया है। हूतियों की ओर से सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र और हवाई अड्डों को लेकर भी चेतावनी दिए जाने की खबर है।

दूसरी ओर, यमन की सरकारी सेना ने हूती ठिकानों के खिलाफ जवाबी अभियान में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने का दावा किया है। सेना के प्रवक्ता मजीद अल-नुजैली के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1,250 हमले किए गए। उन्होंने 150 से अधिक वाहनों के नष्ट या निष्क्रिय होने और करीब 700 लड़ाकों के मारे जाने या कार्रवाई से बाहर होने का दावा भी किया। इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सऊदी सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलीकी ने भी हूती विद्रोहियों के 127 हथियार भंडार और मिसाइल लॉन्चर नष्ट किए जाने की जानकारी दी है।

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को घरों के अंदर रहने, घटनास्थलों की तस्वीरें या वीडियो नहीं बनाने और ऐसी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और उसके संपर्क में बने रहने को कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here