Bihar News: मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना से 161 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी, क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP

0
7

Bihar News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक भविष्य देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान 161 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्रदान की है। इस योजना के तहत खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप विभिन्न सरकारी पदों पर सीधी नियुक्ति दी गई है।

इस योजना की सबसे चर्चित उपलब्धि भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार की नियुक्ति है। दोनों खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर सीधी नियुक्ति दी गई है। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों को दरोगा, पंचायती राज पदाधिकारी तथा विभिन्न उपयुक्त सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को सिर्फ पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना भी है। सरकारी नौकरी मिलने से खिलाड़ियों को आर्थिक स्थिरता, सामाजिक सम्मान और अपने खेल करियर को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास मिल रहा है।

खेल प्रतिभाओं को मिल रहा व्यापक सहयोग

बिहार सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, अत्याधुनिक प्रशिक्षण, खेल छात्रावास, अनुभवी कोच, बेहतर खेल उपकरण और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं।

सरकार का मानना है कि सरकारी नौकरी की यह पहल युवाओं को खेल को एक सुरक्षित और सम्मानजनक करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। इससे राज्य में नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और बिहार राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि राज्य का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों या भविष्य की चिंता के कारण पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना खिलाड़ियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है तथा सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here