Bihar News: बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के 462 पदों पर भर्ती के लिए बुधवार को आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से आयोजित यह परीक्षा राज्य के 11 जिलों के 189 परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की गई।
आयोग के अनुसार परीक्षा के दौरान अधिकांश केंद्रों पर व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही, लेकिन छपरा के राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
45 प्रतिशत रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस भर्ती परीक्षा में करीब 45 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।
हाईटेक निगरानी में हुई परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, हॉटलाइन सुविधा, प्रवेश द्वार पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, साथ ही बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं लागू की गई थीं। आयोग ने स्पष्ट किया कि कदाचार रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी उपकरणों का प्रभावी उपयोग किया गया, जिसके कारण परीक्षा अधिकांश केंद्रों पर पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आगे की सभी प्रक्रियाएं भी निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी।

