पसीने से आ रही है तेज बदबू तो हल्के में न लें, इन बीमारियों का हो सकता है संकेत

0
111

न्यूज डेस्क
गर्मी और उमस भरे मौसम में पसीना हर किसी को आता है। पसीने से आने वाली बदबू को छुपाने के लिए लोग कई तरह के डिओडरेंट का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, अगर आपके पसीने से बेहद गंदी बदबू आ रही है तो ये गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसा जरूरी नहीं है कि पसीना सिर्फ खानपान और खराब हाइजीन की वजह से हो। कई बार ज्यादा पसीना या बदबू शरीर के अंदर हो रही परेशानियों के कारण भी आता है।

हमारे शरीर में दो प्रकार की स्वेटिंग ग्रंथियां होती हैं। पहली ग्रंथ‍ि है ‘एक्रिन’ स्वेट ग्लैंड्स, इससे ऐसा पानी निकलता है जो गंधहीन होता है, यानी पसीना। चूंकि ये गंधहीन होता है इसलिए इसमें किसी तरह की बदबू नहीं होती। दूसरी ग्रंथ‍ि है ‘एपोक्राइन’ स्वेट ग्लैंड्स, यही, बदबू के लिए जिम्‍मेदार है।

बदबू की वजह बनने वाली ‘एपोक्राइन’ स्वेट ग्लैंड्स शरीर में ऐसी जगहों पर होती है जहां बाल होते हैं। इनमें से तेल जैसा एक रसायन निकलता है। यही रसायन शरीर से आने वाले बदबू की वजह बनता है। इसलिए, जब भी इंसान तनाव, चिंता और दर्द महसूस करता है या फ‍िर सेक्‍स के लिए उत्‍तेज‍ित होता है तो ये ग्रं‍थ‍ि ज्‍यादा सक्रिय हो जाती है और ज्‍यादा रसायन ज्‍यादा रिलीज करती है। नतीजा शरीर से ज्‍यादा बदबू आती है।

ग्रंथ‍ि से निकलने वाले तेल से बदबू कैसे आने लगती है?

दरअसल, इस ग्रंथ‍ि से जो तेल जैसा रसायन निकलता है उसमें गंध नहीं होती। जब यह शरीर की स्किन पर मौजूद बैक्‍टीरिया के सम्‍पर्क में आता है तो बैक्‍टीरिया उस ऑयल को फैटी एसिड में कंवर्ट कर देते हैं। इस तरह ग्रंथ‍ि से निकला ऑयल ऐसे कम्‍पाउंड में बदल जाता है जो गंध पैदा करता है।

बचपन या कम उम्र में शरीर से बदबू कम आती है या फ‍िर आती ही नहीं है। ऐसा इसलिए होता है क्‍योंकि युवावस्‍था तक आमतौर पर एपोक्राइन स्वेट ग्लैंड्स सक्रिय नहीं होती। इसलिए कम उम्र शरीर से बदबू नहीं आती।

क्यों आती है पसीने में बदबू?

पसीने से बदबू आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, ये खराब हाइजीन, मधुमेह और थायराइड जैसी गंभीर बीमारियों की वजह से हो सकता है। जरूरत से ज्यादा पसीना आना या बदबूदार पसीना कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है।

डायबटीज

पसीने में बदबू आना डायबिटीज का लक्षण हो सकता है। जैसे ही व्यक्ति के शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है तो पसीने में बदबू और सांसो में फलों की महक आनी शुरू हो जाती है। अगर आपको ऐसा महसूस हो रहा है तो तुरंत अपने डॉक्टर को संपर्क करें।

मानसिक तनाव

तनाव की वजह से भी पसीने से बदबू आने लगती है। अगर आपके पसीने से ज्यादा बदबू या आपको जरूरत से ज्यादा पसीना आ रहा है तो ये तनाव का संकेत हो सकता है।

गलत खानपान

खानपान में गलत चीजों का सेवन करने से भी पसीने में बदबू आने लगती है। कच्चा लहसुन और प्याज खाने के कारण भी कई लोगों के शरीर से गंदी बदबू आती है। दूसरी तरफ अगर आप पहले से कम मसाले खाते हैं और अचानक तेज मसालों का सेवन करने लगते हैं तो इससे भी पसीने में बदबू आ सकती है।

थायराइड

ज्यादा पसीना आना और पसीने में बदबू आना थायराइड की बीमारी की ओर इशारा करता है। ज्यादा पसीना थायराइड ग्लैंड के एक्टिव होने का संकेत होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here