लखनऊ (बीरेंद्र कुमार): उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा मदरसे के सर्वे करवाने के बाद,मदरसों को लेकर कई प्रकार के सुधार के प्रयास करने की बातें सामने आ रही थी।इन सुधारों में सबसे अधिक चर्चा मदरसों में शुक्रवार की साप्ताहिक छुट्टियों की जगह रविवार को करने की थी।लेकिन अब ऐसी चर्चा पर विराम लग जाएगा क्योंकि अब योगी सरकार ने मदरसों के लिए छुट्टियों को लेकर कैलेंडर जारी कर दिया है।
शुक्रवार को जारी रहेगा साप्ताहिक अवकाश
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने साल 2023 की छुट्टियों को लेकर कैलेंडर जारी कर दिया है। योगी सरकार ने मदरसों की साप्ताहिक छुट्टियों में भी कोई फेरबदल नहीं किया है। मदरसों के साप्ताहिक अवकाश पहले ही की तरह आगे भी शुक्रवार को ही होगा। अगले साल मदरसों में कुल 75 दिनों की छुट्टियां रहेगी। वार्षिक अवकाश रमजान और ईद उल फितर मिलाकर कुल 36 दिनों का होगा। मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ इफ्तिखार जावेद ने बताया कि सभी अध्यापकों और कर्मचारियों के लिए उपरोक्त 36 दिनों के अवकाश के अलावा 14 दिनों का आकस्मिक अवकाश भी दिया जाएगा। इसमें प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य 2-2 यानी कुल 4 दिनों का अवकाश ले सकते हैं।
राष्ट्रीय पर्वों पर शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ इफ्तिखार जावेद ने कहा की राष्ट्रीय पर्वों पर मदरसों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। लेकिन सभी शिक्षकों,शिक्षकेतर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को इस दिन मदरसे में आकर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतिभागिता सुनिश्चित करनी होगी ।

