लखनऊ (बीरेंद्र कुमार): चोरों ने उत्तरप्रदेश के एक बैंक में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। भौंती हाईवे पर चौहान ढाबा के सामने स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच से लगभग 2 किलो सोना चोरी कर लिया।
बैंक के बगल के खाली पड़े प्लॉट से सुरंग बनाकर बैंक में घुसे थे चोर
चोरों ने एसबीआई में इतने शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया कि किसी को कानो-कान खबर तक नहीं हुई और ये बैंक के लॉकर में रखे लगभग 2 किलो सोना चुराकर चंपत हो गए। हमेशा की तरह शुक्रवार सुबह 10:00 बैंक मैनेजर नीरज राय स्टाफ के साथ बैंक पहुंचे और ताला खोलकर अंदर अपने केबिन में चले गए। थोड़ी देर बाद जब इन्होंने स्ट्रांग रूम का ताला खोला तो अंदर का नजारा देखकर चौंक गए। स्ट्रांग रूम का फर्श एक तरफ से टूटा हुआ था। टूटा हुआ गोल्ड सेफ भी से वहीं पड़ा था और इससे लगभग 2 किलो सोना गायब था।

बैंक मैनेजर ने अफसरों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड और डीसीपी वेस्ट विजय ढुल आनन-फानन में भारी फोर्स के साथ बैंक पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि चोरों ने बैंक के बगल वाले खाली प्लॉट से सुरंग बनाई थी, और इसी सुरंग से वह बैंक के स्ट्रांग रूम तक पहुंचा था। यहां उसने सब्बल से स्ट्रांग रूम और गोल्ड सेफ को तोड़ा और उसमें रखा सारा सोना चुरा लिया। सोना चोरी करने के बाद चोर उसी सुरंग निकल कर फरार हो गए।
ग्राहकों के गोल्ड लोन का था सोना
पुलिस ने सोना चोरी को लेकर बैंक मैनेजर से भी पूछताछ की। बैंक मैनेजर नीरज राय ने बताया कि गोल्ड शेफ में 1.812 किलो सोना रखा हुआ था। यह सोना उन लोगों का था ,जिन्होंने इसे बैंक में गिरवी रखकर लोन लिया था। पुलिस ने बैंक मैनेजर से ऐसे लोगों की सूची मांगी जिन्होंने सोना रखकर बैंक से लोन लिया था। पुलिस का डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर पहुंचकर चोरी की इस वारदात की जांच कर रही है। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने बताया कि पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है। जल्दी ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

