इनवर्टर चलने पर पंखे-ट्यूबलाइट से क्यों आती है आवाज, क्या हो सकता है नुकसान?

0
4

क्या आपके घर में इनवर्टर है और क्या बिजली जाने पर पंखे या ट्यूबलाइट में से अजीब सी भिनभिनाहट की आवाज आने लगती है? अक्सर ये आवाज तब नहीं आती जिस समय बिजली आ रही होती है। ऐसे में बिजली जाने पर पंखे या ट्यूबलाइट जैसे उपकरणों को क्या हो जात है और क्या इससे इनवर्टर या उपकरणों को किसी तरह का नुकसान हो सकता है?

अक्सर लोग इस आवाज को नजरअंदाज करते हैं लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि इस भिनभिनाहट वाली आवाज का संबंध आपके इनवर्टर की तकनीक और वेवफॉर्म से जुड़ा है। यह आवाज सिर्फ कानों में चुभती भर नहीं बल्कि आपके उपकरणों की उम्र भी घटा सकती है।
दरअसल घरों में सरकार की ओर से जो बिजली पहुंचती है वह प्योर साइन वेव वाली बिजली होती है, जिसमें करंट बिना किसी झटके के बिल्कुल स्मूथ तरीके से उपकरणों तक पहुंचता है।
वहीं आमतौर पर इनवर्टर स्क्वायर वेव या मॉडिफाइड साइन वेव तकनीक पर काम करते हैं। ये इनवर्टर करंट को स्मूथ तरीके से भेजने की जगह उपकरणों तक झटके के साथ पहुंचाते हैं। इसकी वजह से पंखे की मोटर में मौजूद इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कॉइल और पुरानी ट्यूबलाइट की चोक में वाइब्रेशन पैदा होता है।
इस वाइब्रेशन की वजह से ही हमें भिनभिनाहट या हम्मिंग वाली आवाज सुनाई देती है।
लंबे समय तक गलत वेवफॉर्म वाला करंट मिलने से पंखे या ट्यूबलाइट ज्यादा गर्म होने लगते हैं। बहुत ज्यादा हीट की वजह से पंखे के कॉइल की वार्निश भी समय से पहले जल सकती है। इसकी वजह से पंखे की मोटर खराब होने का खतरा रहता है?

इस वजह से इनवर्टर पर भी लोड बढ़ता है, जिससे न सिर्फ इनवर्टर की एफिशिएंसी कम होती है बल्कि बैटरी बैकअप पर भी बुरा असर पड़ता है।

इनवर्टर पर पंखों या ट्यूबलाइट से आने वाली हम्मिंग की आवाज को बंद करने का पक्का इलाज प्योर साइन वेव इनवर्टर है। अगर आप घर में प्योर साइन वेव इनवर्टर लगवाते हैं, तो आपके उपकरणों को वैसी ही बिजली मिलती है जैसी कि सरकारी ग्रिड से आती है। इसकी वजह से उपकरणों में किसी तरह का वाइब्रेशन पैदा नहीं होता और उनकी लाइफ भी सुधरती है।
समस्या के इलाज को और पुख्ता करने के लिए आप पुराने पंखों की जगह BLDC मोटर वाले पंखे और एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके अलावा पंखों के साथ पुराने सस्ते स्टेप-टाइप रेगुलेटर की जगह पर अच्छी क्वालिटी का कैपेसिटर वाला रेगुलेटर इस्तेमाल करने से भी फायदा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here