भोपाल में खूब गरजे पीएम मोदी ,विपक्षी एकता को कहा 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी 

0
152


न्यूज़ डेस्क 

प्रधानमंत्री मोदी भोपाल में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए खूब राजनीतिक बातें की। उन्होंने पसमांदा मुसलमानो के जरिये वोट उगाहने की भी बात की तो सामान नागरिक संहिता के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि वे सभी जनता से जुड़े और बूथ लेवल तक काम करें। कही कोई घबराने की जरूरत नहीं है। देश में बहुत सी ऐसी पार्टी है जो केवल अपने लिए काम करती है। ऐसी पार्टियां जनता को बरगलाने का काम अपने स्वार्थ के लिए करती रहती है।  
 पीएम मोदी ने पसमांदा मुसलमानो को पार्टी से जोड़ने की बात की। पीएम मोदी ने कहा कि  वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है। उनके ही एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर कभी चर्चा नहीं हुई। आज भी उन्हें बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है। यह सब पिछड़े हैं। इनके साथ इतना भेदभाव हुआ है। हमने सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ इनका भी विकास किया है। भाजपा कार्यकर्ता मुसलमानों के पास जाएं और तर्कों और तथ्यों के साथ उन्हें समझाएं, तब उनका भ्रम दूर होगा।             
भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने दल के लिए जीते हैं। वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, मलाई खाने का, कट मनी का, हिस्सा मिलता है। उनका रास्ता तुष्टिकरण, वोटबैंक का है। गरीब को गरीब बनाए रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है। तुष्टिकरण का यह रास्ता कुछ दिनों तक फायदा दे सकता है, लेकिन यह देश के लिए महाविनाशक होता है। यह देश के विकास को रोक देता है। देश में तबाही लाता है। भेदभाव पैदा करता है। समाज में दीवार खड़ी करता है। एक तरफ इस तरह के लोग हैं, जो तुष्टिकरण कर अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे कुनबे दूसरों के खिलाफ खड़े कर देते हैं। दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं। हमारे संस्कार अलग हैं। हमारे संकल्प बड़े हैं। हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है। 
                विपक्ष की एकजुटता पर मोदी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा की प्रचंड विजयी तय है। इस वजह से सभी विपक्षी बौखलाए हुए हैं। इस वजह से उन्होंने तय किया है कि चुनाव से कुछ महीने पहले किसी भी तरीके से जनता को गुमराह करके कुछ लोगों को बरगलाकर, झूठे आरोप लगाकर, सत्ता हासिल की जाए। नया शब्द पापुलर हो रहा है गारंटी। कुछ दिन पहले विपक्ष के नेताओं का एक फोटो ऑप कार्यक्रम हुआ था। इस बैठक में शामिल दलों के इतिहास को देखेंगे तो पता चलेगा कि वह सब मिलकर कम से कम 20 लाख करोड़ रुपये के घोटालों की गारंटी है। कांग्रेस का घोटाला अकेले ही लाखों करोड़ों का है।आरजेडी पर हजारों करोड़ के घोटाले का आरोप है। चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, पशु पालन शेड घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, आरजेडी के घोटालों की इतनी लंबी सूची है कि अदालतें भी थक गई।  टीएमसी पर 23 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप हैं। एनसीपी पर करीब-करीब 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। इन पार्टियों के घोटालों का मीटर कभी डाउन नहीं होता।
अपने बेटे-बेटी का भला करना है तो भाजपा को वोट दो
             मोदी ने वंशवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आपको गांधी परिवार के बेटे-बेटी का विकास करना है तो कांग्रेस को वोट दीजिए। आपको मुलायम सिंह जी के बेटे का भला करना है तो समाजवादी पार्टी को वोट दीजिए। आप लालू परिवार के बेटे-बेटी को भला करना है तो आरजेडी को वोट दीजिए। आपको शरद पवार की बेटी का भला करना हो तो एनसीपी को वोट दीजिए। आपको अब्दुल्ला परिवार के बेटे का भला करना है तो आप नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट दीजिए, आपको करुणानिधि जी के बेटे-बेटियों, पोते-पोतियों का भला करना हो तो डीएमके को वोट दीजिए। आपको के. चंद्रशेखर राव की बेटी का भला करना हो तो टीआरएस को वोट दीजिए। अगर आपको अपने बेटे-बेटी, पोते-पोती का भला करना है तो भाजपा को वोट दीजिए।
            इससे पहले उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती की भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में बहुत बड़ी भूमिका है। इस वजह से ऐसी ऊर्जावान मध्य प्रदेश की धरती पर मेरा बूथ सबसे मजबूत इस कार्यक्रम का हिस्सा बनते हुए मुझे ह्दय से आनंद आ रहा है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here