ऑनलाइन मीटिंग हो, पढ़ाई से जुड़ी चर्चा या दोस्तों के साथ वीडियो कॉल, कई बार सामने वाले व्यक्ति के पास WhatsApp अकाउंट नहीं होने से बातचीत शुरू करना मुश्किल हो जाता है।इसी परेशानी को दूर करने के लिए WhatsApp ने गेस्ट कॉलिंग फीचर पेश किया है। इसकी मदद से अब उन लोगों को भी कॉल में शामिल होने का इनवाइट भेजा जा सकता है, जिनका इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं है।
इसके लिए एक कॉल लिंक बनाकर शेयर करना होगा। खास बात यह है कि इन कॉल्स के लिए कोई शुल्क या समय सीमा नहीं है और इनमें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन भी मिलता है। तो आइए जानते हैं कि यह फीचर कैसे काम करता है और इसे इस्तेमाल करने के लिए क्या करना होगा।
गेस्ट कॉलिंग में कॉल शुरू करने और लिंक बनाने का अधिकार सिर्फ WhatsApp अकाउंट वाले यूजर के पास रहेगा।लिंक मिलने के बाद गेस्ट उसे ब्राउजर में खोलकर अपना नाम दर्ज कर सकते हैं, हालांकि वे सीधे कॉल में शामिल नहीं हो सकेंगे।पहले उन्हें वेटिंग रूम में इंतजार करना होगा, जहां से होस्ट परमिशन मिलने पर ही उन्हें कॉल में एंट्री मिलेगी। होस्ट किसी गेस्ट को कॉल से हटा भी सकता है।
WhatsApp के मुताबिक, गेस्ट कॉल भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होंगी।WhatsApp के Guest Calling फीचर के जरिए एक साथ 32 लोगों तक को ग्रुप कॉल में जोड़ा जा सकता है।गेस्ट कॉल में मौजूद दूसरे लोगों के फोन नंबर नहीं देख सकेंगे।इसके अलावा उन्हें मैसेज भेजने या अपनी तरफ से किसी अन्य व्यक्ति को कॉल में जोड़ने की सुविधा नहीं मिलेगी। गेस्ट कंप्यूटर स्क्रीन शेयर कर सकते हैं, थम्स-अप या हार्ट जैसे इमोजी से प्रतिक्रिया दे सकते हैं और बातचीत के दौरान अपनी बात रखने के लिए Raise Hand फीचर का ऑप्शन भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp खोलकर Calls टैब में जाएं और ऊपर दिए गए + आइकन पर टैप करें।इसके बाद New Call Link चुनें और वॉयस या वीडियो कॉल का ऑप्शन तय करें। जरूरत के मुताबिक, लोगों को जोड़ने से पहले परमिशन वाला ऑप्शन भी चालू कर सकते हैं फिर लिंक कॉपी करके WhatsApp या किसी दूसरे ऐप के जरिए शेयर कर दें। गेस्ट मोबाइल या कंप्यूटर ब्राउजर से लिंक खोलकर जुड़ सकते हैं।

