न्यूज डेस्क
देश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों का हाल बेहाल है। भारी बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा को भी अगले आदेश तक रोक दिया गया है। उत्तराखंड के धारचूला में बादल फटने से एक पुल बह गया, जिसके चलते करीब 200 से ज्यादा लोग तबाही के मलबे के बीच फंस गए। बादल फटने की वजह से धारचूला में लैंडस्लाइड भी हो गया, लिहाजा सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा फैला दिखाई दिया। नैनीताल में भी बारिश के बाद नदी-नहरें उफान पर आ गई। वहां उफनती नदी के किनारे फंसे एक शख्स को SDRF और NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत कर सुरक्षित बाहर निकाला। भारी बारिश की वजह से चमोली-बद्रीनाथ समेत वहां 18 सड़कें बंद हो गई हैं, जिसका सीधा असर आवाजाही पर पड़ा है।
इधर दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर मौसम सुहाना बन गया है। दिल्ली एनसीआर में सुबह के वक्त तेज बारिश देखने को मिली। इस कारण दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र का मौसम ठंडा बना हुआ है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा 2 घंटे पहले ही बारिश की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आईएमडी ने भविष्यवाणी की थी कि दिल्ली एनसीआर और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश होगी।
उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 जुलाई को राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही इस बाबत अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन राज्यों में किया गया बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश, गुजरात, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल-माहे के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

