बीरेंद्र कुमार झा
आम आदमी पार्टी सांसद राघव चड्ढा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी को बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक के लिए निमंत्रण भेजा है। आगे बताते हुए चड्डा ने कहा कि पटना में आयोजित विपक्ष की बैठक के दौरान सभी समान विचारधारा वाले दलों के सामने कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि वे दिल्ली अध्यादेश पर अपना रुख स्पष्ट करेगी। चड्डा ने यह भी कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने से 15 दिन पहले हमें उम्मीद है कि कांग्रेस जल्दी ही अपना रुख स्पष्ट कर देगी। चड्ढा ने कहा कि आगे की सारी बातचीत कांग्रेस पार्टी की औपचारिक घोषणा के बाद ही होगी।
कांग्रेस जल्द कर सकती है घोषणा
बेंगलुरु में विपक्षी पार्टी की बैठक के लिए निमंत्रण मिलने पर आम आदमी पार्टी के नेता संदीप पाठक ने कहा कि पटना में विपक्षी दल की बैठक में कांग्रेस ने कहा था कि वह संसद सत्र शुरू होने से करीब 15 दिन पहले अध्यादेश के मुद्दे पर आप और दिल्ली की जनता को समर्थन देने की घोषणा करेगी। 20 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है, ऐसे में कांग्रेस पार्टी को अब घोषणा करनी चाहिए कि वह इस अध्यादेश का विरोध करती है। कांग्रेस पार्टी को दिल्ली की जनता के हित में यह घोषणा करनी चाहिए और हमें पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी यह घोषणा करेगी।
शिमला में होनी थी यह बैठक
बीजेपी के खिलाफ पटना में जुटे सभी विपक्षी दलों ने एक सुर में एक साथ बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने का आह्वान किया था। इस बैठक में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच अध्यादेश विवाद को लेकर हुई नोकझोंक को अगर छोड़ दें ,तो तमाम दल मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट नजर आए थे।इस बैठक के दौरान अगली बैठक को लेकर भी कुछ निर्णय लिए गए थे। पहले यह बैठक शिमला में होनी थी। लेकिन अब यह बैठक 13 – 14 जुलाई को बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी।

