न्यूज डेस्क
उत्तर भारत में मानसून के विदा होते ही ठंड शुरू हो गयी है। उत्तराखंड और हिमाचल के पहाड़ी जिलों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, इस कारण यहां लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी दिल्ली में आज भी कोहासा देखने को मिल सकता है। आगामी दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं बिहार में मौसम शुष्क रहने वाला है। लेकिन सुबह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में धुंध छाई रह सकती है।
आईएमडी ने अगले 12 घंटे त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से तूफान के बारे में अपडेट रहने और आधिकारिक सलाह का पालन करने को कहा है। इसके साथ ही संबंधित राज्य सरकारों को भी तूफान के मद्देनजर अपनी तैयारी रखने और बचाव राहत के लिए टीमें के तैयार रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक भीषण चक्रवाती तूफान ‘हामून’ अब उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है। वह 25 अक्टूबर को दोपहर में चटगांव के दक्षिण में बांग्लादेश तट को पार कर चुका था। उसकी हवा की गति 75 से 85 किमी प्रति घंटा के बीच बनी हुई है। फिलहाल यह तूफान कमजोर होकर गहरे अवसाद में तब्दील हो गया है।
देश में पिछले 24 घंटों के मौसम की बात की जाए तो लक्षद्वीप, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और नागालैंड में हल्की बारिश हुई। इस दौरान केरल में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

