न्यूज डेस्क
मानसून अब पूरे देश में सक्रिय हो गया है और तय समय से पहले देश के लगभग हर कोने में भी पहुंच गया है। हालांकि, दिल्ली-NCR वालों को अभी भी झमाझम बारिश का इंतजार है। यहां, उमस के कारण लोग परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। IMD का कहना है कि 4 जुलाई यानी सावन की शुरुआत बेहतरीन होगी और मंगलवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। इस बीच हल्की बारिश का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग ने देश के 26 राज्यों में भी आज बारिश का अनुमान जताया है। IMD का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के अलावा दक्षिण भारत के अलग-अलग राज्यों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में होगी जमकर बारिश
आईएमडी के मुताबिक, आज असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल में तो आईएमडी की ओर से रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, यनम, तमिलनाडु, कराईकल, पुडुचेरी में भी भारी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भी बारिश मौसम विभाग के मुताबिक, आज ओडिशा, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, कई जगहों पर बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बारिश की स्थिति
राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन मानसून के कमजोर होने की वजह से बढ़ी उमस दिल्लीवासियों को परेशान कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को तेज धूप निकली और गर्म हवाएं भी चलती रही। हालांकि मौसम विभाग (IMD) ने आज (मंगलवार) हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मुंबई में आज होगी बारिश
वहीं मुंबई में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश के बाद सोमवार को कुछ हिस्सों में धूप निकली। आईएमडी ने आगामी 24 घंटों में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। बता दें कि शहर में बीते हफ्ते लगातार बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि
अगले 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश संभव है। लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

