5 States Election 2027: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में जनगणना से जुड़ा काम आगे बढ़ने के बाद 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। वहीं, मणिपुर में जनगणना का पहला चरण टाल दिया गया है। ऐसे में इन पांचों राज्यों में अगले साल फरवरी-मार्च के दौरान चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है।
इन राज्यों में सबसे पहले मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद गोवा में 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च और उत्तराखंड में 18 मार्च को कार्यकाल पूरा होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।
जनवरी में हो सकता है चुनाव का ऐलान
2022 में इन पांचों राज्यों में लगभग एक ही समय चुनाव कराए गए थे। इसी पैटर्न को देखते हुए चुनाव आयोग सबसे पहले समाप्त होने वाली विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव प्रक्रिया खत्म करा सकता है। ऐसे में यूपी में सामान्य समय से करीब दो महीने पहले मतदान की संभावना बन रही है।
चुनाव आयोग संवैधानिक प्रावधानों के तहत विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव करा सकता है। यूपी में बड़ी संख्या में मतदाता होने के कारण कई चरणों में मतदान की संभावना है। ऐसे में जनवरी 2027 में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की अटकलें तेज हैं।
जनगणना और चुनाव की तैयारियों में तालमेल
केंद्र सरकार ने यूपी, पंजाब और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों तथा गोवा में जनगणना के जनसंख्या गणना चरण को 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच कराने का फैसला किया है। वहीं, मणिपुर में हाउस-लिस्टिंग चरण को स्थगित किया गया है।
जनगणना और विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों, खासकर शिक्षकों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में दोनों प्रक्रियाओं के बीच टकराव से बचने के लिए जनगणना का कार्यक्रम पहले पूरा कराने की रणनीति अपनाई गई है।

