IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें अब ज्यादातर एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बड़े बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं। हालांकि, क्रिकेट फैंस के लिए अब एक नई उम्मीद जगी है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC भारत और पाकिस्तान को शामिल करते हुए ट्राई सीरीज या चार टीमों के टूर्नामेंट के विकल्प पर विचार कर सकता है। अगर प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाने की संभावना होगी।
ICC सेमिनार से पहले चर्चा तेज
रिपोर्ट के अनुसार 22-23 सितंबर को होने वाले ICC के फ्यूचर्स टूर प्रोग्राम से जुड़े सेमिनार से पहले इस तरह की बहुराष्ट्रीय सीरीज को लेकर चर्चा हो रही है। प्रस्ताव के पीछे बड़ा कारण रेवेन्यू और ब्रॉडकास्टिंग से होने वाला फायदा बताया जा रहा है। संभावित आयोजन के लिए UAE, ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड जैसे न्यूट्रल वेन्यू पर विचार किया जा सकता है।
द्विपक्षीय सीरीज पर भारत का रुख कायम
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में हुई थी। इसके बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में लगातार तनाव बना रहा। PCB न्यूट्रल वेन्यू पर द्विपक्षीय मुकाबलों की मांग करता रहा है, लेकिन BCCI ने इसका समर्थन नहीं किया।
भारत का रुख है कि पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी, हालांकि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के नियमों के तहत दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रहेंगी। ऐसे में ट्राई सीरीज या चार देशों के टूर्नामेंट का प्रस्ताव दोनों टीमों को फिर आमने-सामने लाने का नया रास्ता बन सकता है।

