बीरेंद्र कुमार झा
लगता है रेल प्रबंधन ने उड़ीसा के बालासोर में हुए भीषण रेल दुर्घटना से कोई सबक नहीं लिया है,तभी तो बालासोर की घटना के कुछ ही दिनों बाद पश्चिम बंगाल में दो मालगाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गईऔर अब वैशाली के सोनपुर मंडल के हाजीपुर मुजफ्फरपुर रेलखंड पर एक बड़ा हादसा होते – होते टला। पवन एक्सप्रेस के S11 कोच के एक पहिए का ऊपरी हिस्सा टूटकर अलग हो गया था ।ऐसे में ट्रेन में कट कट की आवाज आने लगी थी।जैसे-जैसे ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी यह आवाज बढ़ती ही चली गई।उससे बोगी के अंदर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, पर कोई हताहत नहीं हुआ। यात्रियों ने बताया कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
पावन एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से भगवानपुर तक करीब 35 किलोमीटर ट्रेन उसी टूटे पहिए पर दौड़ती रही। भगवानपुर स्टेशन पर ट्रेन खड़ी हुई तो यात्रियों ने बोगी से उतर कर देखा कि 1 चक्का का ऊपरी परत टूटा हुआ है। यात्रियों ने बताया कि इसी बीच ट्रेन ने हॉर्न दे दिया और वहां से खुलने लगी ।तब सब यात्रियों ने हो हल्ला मचा कर और चेन पुलिंग कर ट्रेन को बढ़ने से रोका।इसके बाद रेल पुलिस और अन्य रेलवे के कर्मचारी वहां पहुंचे और इस घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई।
यात्रियों की सतर्कता से टला हादसा
कुछ नंबर S- 11 के यात्रियों की सतर्कता से यह बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया अन्यथा ट्रेन की पटरी क्षतिग्रस्त हो सकती थी और ट्रेन के डिब्बे के पटरी से उतरने से एक बार फिर से कितने यात्रियों की जान जाती कहना मुश्किल था।पवन एक्सप्रेस भगवानपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 4 घंटे तक खड़ी रही।रात करीब 10:30 तक ट्रेन की बोगी को बदलने का इंतजार रेलयात्री करते रहे।मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेन की बोगी का पहिया टूटे होने की सूचना के बाद ट्रेन को भगवानपुर में रोका गया है ।मुजफ्फरपुर से दूसरे कोच की मांग की गई है। दूसरे कोच में यात्रियों को बैठाकर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे के लिए रवाना किया जाएगा ।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरीय पदाधिकारियों ने स्टेशन पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
दूसरी बोगी लगाकर हुई ट्रेन रवाना
कई घंटे बाद दूसरी बोगी मुजफ्फरपुर से मंगवाई गई और तब जाकर ट्रेन रात 11:15 बजे मुंबई के लिए रवाना हुई। सोनपुर मंडल के डीआरएम नीलमणि ने बताया कि भगवानपुर स्टेशन पर पवन एक्सप्रेस के कोच S- 11 का 1 चक्का छतिग्रस्त होने की सूचना मिली। ट्रेन को रोककर कोच बदला गया और फिर ट्रेन को रवाना किया गया। ट्रेन शाम करीब 6:08 बजे भगवानपुर स्टेशन पहुंची थी। यहां से ट्रेन करीब 5 घंटे 20 मिनट की देरी से मुंबई रवाना की गई। वहीं उन्होंने इस मामले में जांच के बाद दोषीकर्मी पर कार्यवाही करने की बात भी कही।
ड्राइवर ने खुद जाकर देखा पहिया
ट्रेन के पहिए के ऊपरी परत के टूटने के संबंध में जनरल बोगी की यात्री दरभंगा के सुधीर कुमार झा ने बताया कि हम लोगों को झटका महसूस हुआ और पता चला कि रिजर्वेशन बोगी का चक्का डैमेज हो गया है, इसलिए ट्रेन रुकी है।इसके बाद हम लोगों ने इसकी सूचना ड्राइवर को दी। सूचना मिलने के बाद ड्राइवर ने खुद जाकर पहले की स्थिति को देखा और कंट्रोल को इसकी सूचना दी। यात्रियों ने बताया कि पवन एक्सप्रेस ट्रेन जयनगर से चलती है , लेकिन वहां उसकी जांच पड़ताल , साफ – सफाई और चेकिंग का काम ठीक ढंग से नहीं होती है।

