बीरेंद्र कुमार झा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जेडीयू सांसदों से अलग-अलग मुलाकात कर उन्हें अपने अपने क्षेत्र में लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर जनसंपर्क तेज करने और संगठन की मजबूती के लिए काम करने का निर्देश दिया है। एक अणे मार्ग में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसदों से उनके क्षेत्र में हो रहे विकास के कामकाज की जानकारी ली और सरकारी योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की। माना जा रहा है कि वर्तमान राजनीतिक हालातों पर भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की और फीडबैक लिया।
लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी में जुटने का दिया निर्देश
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार ने सांसदों से हुई मुलाकात में उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुट जाने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने सांसदों से कहा कि वे सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और योजनाओं के बारे में जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता को गुमराह करने में जुटी हुई है।सभी सांसद अपने कार्यकर्ताओं एवम समर्थकों द्वारा लोगों को बीजेपी द्वारा फैलाई जा रहे भ्रम को लेकर आश्वस्त करें। मुख्यमंत्री ने सांसदों से कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। सांसदों ने भी नीतीश कुमार को अपनी तरफ से भरोसा दिलाया कि वे चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं।
अगले दो दिनों तक मुख्यमंत्री ने सांसदों से करेंगे बातचीत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने वालों में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद अनिल हेगड़े,कटिहार लोकसभा से जेडीयू सांसद दुलाल चंद्र गोस्वामी, बाल्मीकि नगर से जेडीयू सांसद सुनील कुमार,और जहानाबाद से जेडीयू सांसद चंद्रेश्वर चंद्रवंशी शामिल थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों से मिलकर उनका फीडबैक लिया था ।फिलहाल लोकसभा में जेडीयू के और राज्यसभा में 5 सदस्य हैं। सभी से मुख्यमंत्री अगले दो दिनों तक विस्तृत बातचीत करेंगे। वहीं शनिवार को भी नीतीश कुमार ने पार्टी के वरीय नेता वशिष्ठ नारायण सिंह और झंझारपुर के सांसद से भी मुलाकात की थी।

