बीरेंद्र कुमार झा
हिमाचल और उसके बाद कर्नाटक चुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस अब पूरी तरह से पार्टी के कायाकल्प के लिए तैयार दिख रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की शीर्ष समिति कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी (CWC) से लेकर कई प्रदेश के अध्यक्ष तक में बदलाव लाने की तैयारी कर रही है।इसके अलावा बड़ी संभावना है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश के बजाय बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 2023 में राजस्थान,मध्य प्रदेश,तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव और पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव होने वाला है। प्रियंका गांधी को इन राज्यों में चुनाव संचालन की जिम्मेदारी मिल सकती हैं।
कई राज्यों को मिलेंगे नए अध्यक्ष और नए चुनाव प्रभारी
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि तमिलनाडु, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और झारखंड को जल्द ही नए अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाले हैं। इसके अलावा कांग्रेस गुजरात, उड़ीसा, पुडूचेरी, बिहार, पश्चिम बंगाल ,तमिलनाडु और झारखंड में पार्टी प्रभारियों में भी बदलाव कर सकती है।
राजस्थान में नया मेकओवर
प्राप्त खबरों के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस जल्दी ही नए कांग्रेस समिति का गठन कर सकती है। दरअसल राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच भारी तकरार पर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। अटकलें लग रही है कि पायलट जल्दी ही अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं, हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बात से इंकार कर रहे हैं।
नई कांग्रेस वर्किंग कमिटी
पिछले वर्ष अक्टूबर में हुए कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के बाद से ही कांग्रेस में शीर्ष समिति ‘ कांग्रेस वर्किंग कमिटी’ में बदलाव की अटकलें लग रही हैं ।अब कहा जा रहा है कि इस समिति को लेकर भी कॉन्ग्रेस जल्दी ही बड़ी घोषणा करेगी। संगठन में बदलाव की प्रक्रिया कुछ हफ्तों में पूरी हो सकती है। इधर कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में जीत के बाद पार्टी प्रियंका गांधी को भी बड़ी जिम्मेवारी देने की तैयारी कर रही है। 2024 लोकसभा चुनाव के लिए वह भी बड़े स्तर पर प्रचार करती नजर आएंगी।
मध्यप्रदेश से शुरुआत
माना जा रहा है कि इस नई जिम्मेदारी के साथ प्रियंका गांधी चुनावी राज्य मध्य प्रदेश से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकती हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा 12 जून को मध्यप्रदेश पहुंच रही हैं।यहां सत्ताधारी दल बीजेपी है, जिसके विरूद्ध प्रियंका गांधी एंटी इनकंबेंसी लहर उत्पन्न कर कांग्रेस को जीता कर अपना लोहा मनवा सकती है।अगर प्रियंका गांधी ऐसा करने में सफल होती हैं, तो 2024 के लोक सभा चुनाव में उनकी चुनाव जिताने की क्षमता भी बढ़ जाएगी। फिलहाल प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की प्रभारी है। पार्टी को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने 399उम्मीदवारों चुनाव मैदान में उतारा था।कांग्रेस को इन 399 सीटों में मात्र दो ही सीट पर जीती मिली थी। इतना ही नहीं पार्टी की 387 सीटों पर जमानत जप्त हो गई थी। पार्टी की हार के बाद से ही प्रियंका गांधी ने यूपी का दौरा नहीं किया है।

