2009 में शुरू हुआ आधार आज दुनिया का सबसे बड़ा बायोमेट्रिक पहचान सिस्टम है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसके तहत 144 करोड़ से ज्यादा नंबर जारी किए जा चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने पुराने mAadhaar ऐप को बंद करके नया और एडवांस ऐप जारी किया था। कुछ समय पहले ही उसका फुल वर्जन भी पेश किया गया है। यह नया ऐप आधार को पेपरलेस बनाने के साथ-साथ आधार से जुड़ी जानकारी पर ज्यादा कंट्रोल भी देता है। हालांकि, इसके साथ ही यह सवाल भी खड़ा होता है कि क्या पुराने mAadhaar वाले अकाउंट को नए ऐप पर ट्रांसफर करना होगा और नये ऐप क्या फीचर्स लेकर आता है?
गौरतलब है कि नए आधार ऐप को आप एक फ्रेश यूजर के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं और पुराने mAadhaar ऐप अकाउंट को इससे लिंक नहीं किया जाना है। इसके अलावा नए ऐप के जरिए आप अपने आधार को डिजिटली शेयर करने के साथ-साथ उसमें नाम और पते से जुड़ी गड़बड़ियों को ठीक कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने आधार को सुरक्षित रखने के लिए बायोमेट्रिक लॉक भी इस नए ऐप पर लगा सकते हैं।
mAadhaar से नया ऐप निम्न मायनों में बेहतर है :-
mAadhaar ऐप बंद होने के बाद UIDAI का इकलौता ऐप आधार है। यह पुराने ऐप से कई मामलों में बेहतर है। पुराने mAadhaar ऐप में लॉगइन करने के लिए SMS आधारित OTP और पिन का इस्तेमाल होता था। वहीं नए ऐप में सुरक्षा को बढ़ाते हुए फेस ऑथेंटिकेशन और बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉकिंग जैसे एडवांस्ड फीचर्स को शामिल किया गया है।
नए आधार ऐप में मास्कड आधार और QR कोड आधारित सिलेक्टिव शेयरिंग फीचर दिया गया है। इससे आप अपने आधार से जुड़ी जानकारी पर बेहतर कंट्रोल पा सकते हैं और उतनी ही जानकारी शेयर कर सकते हैं जितनी आप करना चाहते हैं।
UIDAI के नए आधार ऐप को लेकर लोगों को शंका है कि क्या उन्हें इस ऐप पर अपने पुराने mAadhaar ऐप वाले अकाउंट को ट्रांसफर करना होगा? इसका जवाब है नहीं। आप नए आधार ऐप पर एक फ्रेश यूजर की तरह आ सकते हैं और आधार नंबर और बायोमेट्रिक पहचान की मदद से लॉगइन कर सकते हैं।
इस ऐप में आपको अपना आधार एक QR कोड के रूप में मिलेगा। जिसे आप डिजिटली शेयर भी कर पाएंगे। इसके अलावा इस ऐप की मदद से आप आधार कार्ड में अपने नाम और पते को ठीक भी करवा सकते हैं। इस ऐप को कोई भी भारतीय नागरिक गूगल प्ले स्टोर या ऐपल के ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।
नए आधार ऐप के अन्य फीचर्स की बात करें, तो नए आधार ऐप पर आप एक नहीं बल्कि 5 प्रोफाइल जोड़ सके हैं। हालाकि, जरूरी है कि वे सभी आपके मोबाइल नंबर से लिंक्ड हों। ऐसे में आप अपने बच्चों के आधार को भी अपने ही फोन में रख सकते हैं। इसके अलावा बायोमेट्रिक्स लॉक या अनलॉक करने का ऑप्शन भी नए आधार ऐप की होम स्क्रीन पर ही मिल जाता है।

