Bihar News: बिहार सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र के जीर्णोद्धार कार्यों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए और सहकारिता आंदोलन को ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बताया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ प्रशिक्षण केंद्र
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र परिसर में विकसित किए गए कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, सभा कक्ष, छात्रावास और प्राचार्य आवास का भी उद्घाटन किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से प्रशिक्षण गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस प्रशिक्षण केंद्र सहकारिता क्षेत्र के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शहद, मखाना और मत्स्य क्षेत्र में सहकारिता को मिलेगा बढ़ावा
अपने संबोधन में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने शहद उत्पादन, मखाना, मत्स्य पालन, बुनकर उद्योग और कृषि व गैर-कृषि क्षेत्रों में प्राथमिक सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में संगठित प्रयासों के जरिए ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
फूड प्रोसेसिंग से पेट्रोल पंप तक, सहकारिता मॉडल पर जोर
मंत्री ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग यूनिट, जन औषधि केंद्र, पेट्रोल पंप और अन्य ग्रामीण उद्यमों का सफल संचालन भी सहकारिता मॉडल के माध्यम से किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वेजफेड जैसी संस्थाओं को पंचायत और गांव स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि किसानों और उत्पादकों को बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
‘मास्टर ट्रेनर’ तैयार करेगा नया प्रशिक्षण नेटवर्क
मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सहकारिता तंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से पदाधिकारियों, कर्मचारियों और पैक्स प्रतिनिधियों की प्रशासनिक क्षमता और कार्यकुशलता में वृद्धि होती है।
01 जून से 03 जून 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में प्रतिभागियों को ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये प्रशिक्षित अधिकारी आगे राज्यभर के पैक्स प्रतिनिधियों और सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे।

वृक्षारोपण और परियोजनाओं की समीक्षा भी की
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया और वहां चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा भी की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए ताकि सहकारिता क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में विधान पार्षद तरुण कुमार, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक समस्तीपुर के अध्यक्ष विनोद कुमार राय सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

