Bihar News: थावे मंदिर परियोजना की धीमी रफ्तार पर मुख्य सचिव का बड़ा एक्शन, इंजीनियर हटे, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट की चेतावनी

0
4

Bihar News: बिहार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोपालगंज स्थित थावे दुर्गा मंदिर परिसर के विकास कार्यों में भारी लापरवाही सामने आने के बाद बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने परियोजना की बेहद धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार इंजीनियरों को हटाने और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तक की चेतावनी दे दी।

राज्य योजना के तहत चल रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने पाया कि प्रशासनिक स्वीकृति की समय-सीमा बीतने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम बेहद सुस्त है। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही कई सख्त निर्देश जारी किए।

इंजीनियरों पर गिरी गाज

मुख्य सचिव ने परियोजना की मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने वाले कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता की सेवा तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग को वापस करने का आदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि आस्था से जुड़े इतने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ठेकेदार को अंतिम चेतावनी

परियोजना संभाल रहे संवेदक (ठेकेदार) को भी मुख्य सचिव ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर तय समय में मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी नहीं लाई गई, तो करार रद्द करने के साथ-साथ ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।

तीन महीने में पूरा करना होगा काम

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने निर्देश दिया कि थावे मंदिर परिसर के सभी शेष निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य आगामी तीन महीनों के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को साप्ताहिक निगरानी करने का आदेश दिया और कहा कि वे स्वयं भी जल्द स्थल निरीक्षण करेंगे।

₹28 करोड़ से ज्यादा की परियोजना

सरकार द्वारा थावे मंदिर परिसर के विकास और जीर्णोद्धार के लिए ₹2,897 लाख यानी करीब ₹29 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसमें से ₹2,416.59 लाख की राशि पर इकरारनामा हो चुका है।

क्या-क्या काम अभी अधूरे?

समीक्षा रिपोर्ट में कई बड़े कार्य अधूरे पाए गए—

  • 200 दुकानों में से 113 पूरी तरह तैयार
  • 28 दुकानों का काम 65% तक पूरा
  • तालाब विकास कार्य केवल 50%
  • चिल्ड्रेन पार्क का काम 50% पर अटका
  • पैदल पार पथ का काम सिर्फ 20%
  • लेजर लाइट और साउंड शो का काम महज 15%
  • बाह्य विद्युतीकरण का काम अब तक 0%

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से बाह्य विद्युतीकरण कार्य शुरू नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाया और तत्काल काम शुरू करने का आदेश दिया।

धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा थावे मंदिर

मुख्य सचिव ने कहा कि थावे दुर्गा मंदिर बिहार की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सरकार इसे आधुनिक सुविधाओं और पर्यटन विकास के जरिए बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है। उन्होंने साफ कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here