Sitamarhi News: माता सीता की पावन जन्मस्थली सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम को अब अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बिहार सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।
तीन महीने में दिखेगा बड़ा बदलाव
मुख्य सचिव ने निर्माण एजेंसियों और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम को निर्देश दिया कि 10 मई 2026 से 10 अगस्त 2026 तक निर्धारित सभी लक्ष्यों को गुणवत्ता के साथ हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुनौरा धाम परियोजना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
10 जुलाई तक तैयार होगा रोड नेटवर्क
बैठक में पुनौरा धाम परिसर के अंदर सड़क नेटवर्क और श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 जुलाई 2026 तक आंतरिक सड़क नेटवर्क का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अतिक्रमण हटाने और जमीन हस्तांतरण पर फोकस
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सीतामढ़ी जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि गायत्री मंदिर ट्रस्ट को वैकल्पिक भूमि हस्तांतरण और शेष भवनों को खाली कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसमें सीता रसोई, पीठाधीश्वर निवास और गायत्री मंदिर जैसी इमारतें शामिल हैं, ताकि निर्माण कार्य बिना बाधा के आगे बढ़ सके।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं
सरकार पुनौरा धाम को सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है। इसके तहत मुख्य मंदिर के साथ यात्री निवास, डिजिटल गैलरी, पार्क और अन्य जनसुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय अनुभव मिलना चाहिए।
ड्राइंग और डिजाइन को जल्द मिलेगा अंतिम रूप
मुख्य सचिव ने फाउंडेशन और स्ट्रक्चर से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण ड्राइंग्स और डिजाइन का अंतिम सत्यापन 22 जुलाई 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को समय-समय पर कार्यस्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई।
आस्था और पर्यटन का बनेगा बड़ा केंद्र
मुख्य सचिव ने कहा कि पुनौरा धाम केवल पर्यटन परियोजना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। बिहार सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए तेजी से काम कर रही है।

