कैसा हो अगर आप सोलर पैनल को स्टीकर की तरह चिपका कर बिजली बना पाएं। अमेरिका की एक कंपनी ने ऐसा ही कुछ कर दिखाया है। दरअसल सोलर विंडो टेक्नोलॉजी ने ElectroFlex नाम से बेहद पतला और लचीला सोलर प्रोडक्ट लॉन्च कर दिया है। इसकी खासियत है कि इसे आप स्टीकर की तरह किसी भी सतह पर चिपकाकर बिजली बना सकते हैं। इसके लिए कांच के भारी फ्रेम या लोहे के सपोर्ट स्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ती।
ElectroFlex को आप बेहद पतला और हल्का सोलर पैनल समझ सकते हैं, जो कि सिर्फ 0.85 mm मोटा है। स्टीकर जैसा ये सोलर पैनल 5-लेयर कम्पोजिट लैमिनेट से बना है, जिसमें 0.10 mm फ्रंट एनकैप्सुलेंट, 0.16 mm हाई-एफिशिएंसी सोलर सेल्स, 0.04 mm कॉपर सेल बैकिंग, 0.30 mm कम्पोजिट लैमिनेट और 0.25 mm रियर सबस्ट्रेट शामिल है।
इसकी दूसरी खूबी है कि पतला होने के बावजूद इसे ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से साइज और रंग में कस्टमाइज किया जा सकता है।
अक्सर सोलर पैनल की एफिशिएंसी यानी कि क्षमता को लेकर शिकायत रहता है लेकिन सोलर विंडो का दावा है कि इलेक्ट्रो फ्लेक्स में इंटरडिजिटेटेड बैक-कॉन्टैक्ट सेल्स का इस्तेमाल किया गया है।
यह तकनीक 24.4% की पावर कन्वर्जन एफिशिएंसी देती है। गौर करने वाली बात है कि इसे फ्लेक्सिबल सोलर पैनल के लिहाज से काफी बेहतरीन माना जाता है।
इलेक्ट्रो फ्लेक्स के लिए किसी स्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ती इसलिए इसे ढेरों जगहों पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका इस्तेमाल कमर्शियल ट्रक और ट्रेन की मुड़ी हुई छतों पर हो सकता है।
इसके अलावा ड्रोन, एयरक्राफ्ट स्ट्रक्चर्स, नावों और जहाजों पर भी इससे बिजली बनाई जा सकती है। साथ ही डेटा सेंटर्स, इमारतों की छतों और कृषि क्षेत्र में भी इसे इस्तेमाल किया जाता है।
इसके साथ-साथ घरों में भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है।
SolarWindow अपने इलेक्ट्रो फ्लेक्स सेटअप में सिर्फ सोलर शीट ही नहीं बल्कि सिस्टम से कनेक्ट करने के लिए जरूरी वायरिंग, हार्नेस, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और पावर-बैलेंसिंग कंपोनेंट्स भी उपलब्ध कराता है।
फिलहाल कंपनी अपने इस प्रोडक्ट को अमेरिका के टीयर-1 OEMs को उपलब्ध करा रही है। आने वाले समय में इसका विस्तार एशिया के चनिंदा बाजारों में भी करेगी।

