खरगे के मंच का शुद्धिकरण करने वालों पर FIR का आदेश दें पीएम मोदी:राहुल गांधी

0
4

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दलितों पर हिंसा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी हर जगह दलितों का अपमान हो रहा। कांग्रेस नेता ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वो हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस मुद्दे पर जिस तरह का सलूक हुआ, इस पर एक्शन जरूर होना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी से इस पर कार्रवाई की डिमांड की है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ भारत का संविधान है- जो बीआर अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल का संविधान है। दूसरी तरफ बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा है। भारत में अभी जो राजनीति हो रही है, वह इन्हीं दो विचारधाराओं के बीच है।

राहुल गांधी ने कहा कि हजारों सालों से इस देश में दलितों पर अत्याचार और हिंसा होती रही है। संविधान ने इसे गैर-कानूनी बना दिया है, फिर भी आज स्कूलों में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ करवाए जाते हैं और फर्श पर झाड़ू-पोछा लगवाया जाता है। जरा सोचिए कि इसका आने वाली पीढ़ी के दिमाग पर क्या असर पड़ता है। बच्चे अपने कुछ साथियों को झाड़ू लगाते हुए देखते हैं, जबकि झाड़ू लगाने वाले उन साथियों को देखते हैं जिन्हें ऐसा नहीं करना पड़ता। यही भारत की सच्चाई है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि आज भी दलितों को गांव के कुएं से पानी पीने की इजाजत नहीं है। उन्हें अपने लिए निजी कुएं खोदने पड़ रहे हैं क्योंकि उन्हें गांव के आम कुएं का इस्तेमाल करने से रोका गया था। चाय की दुकानों पर आप दो तरह के कप देखते हैं: एक दोबारा इस्तेमाल होने वाला कांच का कप जिसे धोया जा सकता है, और दूसरा पेपर या प्लास्टिक का कप जिसे इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जाता है। प्लास्टिक या पेपर के कप दलितों के लिए होते हैं, जबकि कांच के कप दूसरों के लिए, यही भारत की सच्चाई है। यही उत्तर प्रदेश की सच्चाई है, यही उत्तर भारत की सच्चाई है, और आप इसे शहरों और गांवों में देख सकते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बारात में जब खुशी का दिन होता है तब अगर दलित दूल्हे घोड़े पर चढ़ते हैं तो उन पर हमले होते हैं। पत्थर फेंका जाता है। इसके लिए उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार और आरएसएस पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने खरगे के कार्यक्रम के बाद उस स्टेज के शुद्धिकरण को मुद्दा बनाते हुए कहा कि ये एक अपराध है। हम इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हैं। राहुल गांधी ने शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान में हमारे CLP नेता एक मंदिर जाते हैं, और बीजेपी नेता ‘शुद्धिकरण’ की रस्म निभाते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और संविधान को समर्पित कर दिया है, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण देने जाते हैं, और वहां भी शुद्धिकरण की रस्म की जाती है। ऐसा कौन करता है? ये बीजेपी और आरएसएस के लोग हैं। सिर्फ बीजेपी और आरएसएस के सदस्य ही ऐसा कृत्य करते है। भारत के संविधान के तहत यह एक अपराध है, एक आपराधिक गतिविधि है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here