बीरेंद्र कुमार झा
इस बार संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ है और यह 11 अगस्त तक चलेगा, लेकिन संसद के सत्र में अब तक कामकाज सुचारू रूप से नहीं चल पाया है, जिसकी वजह से लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला काफी नाराज हो गए हैं।सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आ रही है कि अब जब तक सदन का कामकाज शांतिपूर्ण रूप से शुरू नहीं होता है, तब तक लोकसभा अध्यक्ष सदन की कार्यवाही का संचालन नहीं करेंगे ।आज सुबह से वे लोकसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए हैं।
ओम बिड़ला नाराज सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला काफी नाराज हैं और वे आज सदन में मौजूद होने के बाद भी सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों से नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें उसके बारे में बता भी दिया है जानकारी के अनुसार ओम बिड़ला ने कहा है कि सदन की गरिमा उनके लिए सर्वोच्च है और सदन में मर्यादा कायम करना सब की सामूहिक जिम्मेदारी हैं।
सदन बाधित होना दुर्भाग्यपूर्ण
ओम बिड़ला का कहना है कि सदन में जो कुछ हो रहा है,वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।कुछ सदस्यों का व्यवहार संसद की गरिमा के विपरीत है, जिसकी वजह से सदन की मर्यादा को ठेस पहुंचती है। ओम बिड़ला का कहना है कि सदन में जारी भारी शोर-शराबे से कामकाज पूरी तरह से ठप है।आज संसद के मानसून सत्र का 14 दिन है, लेकिन एक भी दिन सदन की कार्यवाही बिना हंगामे के नहीं चली है।मंगलवार को सदन में दिल्ली सेवा संबंधी विधेयक पेश किया गया था, उस दौरान विपक्षी पार्टियों ने जबर्दस्त हंगामा किया था।उनके हंगामे से लोकसभा स्पीकर नाराज थे।उन्होंने बार-बार यह कहा कि आप शांत हो जाइये,मैं आपको चर्चा के दौरान बोलने का मौका दूंगा। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा था कि पूरा देश देख रहा है। आप संसद में इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं जो उचित नहीं है।
संसद के दोनों सदनों में हंगामा जारी
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ है और 19 जुलाई को मणिपुर का वीडियो वायरल हुआ था। यही वजह है कि संसद का सत्र शुरू होते ही संसद के दोनों सदन में हंगामा जारी है और सदन की कार्यवाही बाधित है। आज भी सदन की कार्यवाही नहीं चल पाई और लोकसभा में मणिपुर के मुद्दे पर जारी हंगामे की वजह से कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित हुई थी, फिर इसे पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
साजिश कर रही है सरकार
सदन की कार्यवाही बाधित किए जाने पर कांग्रेस नेता और सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सदन की कार्यवाही को सत्ता पक्ष नहीं चलने दे रहा है। वे साजिश के तहत ऐसा कर रहे हैं हम इतने दिन से प्रधानमंत्री से मणिपुर मुद्दे पर बयान देने के लिए कह रहे हैं, लेकिन वे अब तक सदन में इस मामले पर नहीं बोल रहे हैं। सत्ता पक्ष खुद सदन को बाधित कर रहा है और उसका ठीकरा हमारे सिर पर छोड़ना चाहता है।
7-8 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा
गौरतलब है कि मणिपुर में जारी हिंसा के बीच 4 मई को कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और उनके साथ हैवानियत करने का वीडियो वायरल हुआ था,जिसके बाद से पूरे देश में गुस्सा है। विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए एकजुट हुई है और सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लेकर आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्रस्ताव पर 7- 8 अगस्त को लोकसभा में चर्चा होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उस दौरान सदन में मौजूद रहेंगे। मणिपुर मामले को लेकर विपक्ष लगातार यह कह रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में आकर बयान दें। सत्तापक्ष भी इस मसले पर चर्चा करने को तैयार हैं, बावजूद इसके सदन में गतिरोध बना हुआ है, जिस पर स्पीकर ने नाराजगी जताई है।

