हार्ट अटैक का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में सीने में दर्द, सांस फूलना और ज्यादा पसीना आने जैसे लक्षण आते हैं।लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका चेहरा और त्वचा भी दिल की सेहत के बारे में कुछ संकेत दे सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि चेहरे और त्वचा में दिखने वाले कुछ बदलाव कई बार शरीर के अंदर चल रही स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा कर सकते हैं। हालांकि केवल चेहरे के आधार पर हार्ट अटैक की पहचान नहीं की जा सकती, लेकिन कुछ संकेत ऐसे हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
दिल्ली के सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायरेक्टर, कार्डियोलॉजी डॉ. अंशुल कुमार जैन का कहना है कि स्किन में होने वाले बदलाव कई बार ब्लड सर्कुलेशन, ऑक्सीजन की कमी या कोलेस्ट्रॉल से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
चेहरे पर अचानक पीलापन नजर आना:डॉ. जैन कहते हैं कि अगर किसी व्यक्ति का चेहरा अचानक बहुत ज्यादा पीला दिखाई देने लगे, तो ये शरीर में ब्लड फ्लो कम होने का संकेत हो सकता है हार्ट अटैक के दौरान शरीर महत्वपूर्ण अंगों तक रक्त पहुंचाने को प्राथमिकता देता है, जिससे स्किन तक ब्लड का फ्लो कम हो सकता है। हालांकि, एनीमिया, लो ब्लड प्रेशर या अन्य कारणों से भी चेहरा पीला पड़ सकता है।
ठंडी और चिपचिपी स्किन के साथ पसीना आना:डॉक्टर कहते हैं कि बिना किसी शारीरिक मेहनत या गर्म मौसम के अगर अचानक बहुत ज्यादा पसीना आने लगे और त्वचा ठंडी या चिपचिपी महसूस हो, तो ये गंभीर हार्ट संबंधी समस्या का संकेत हो सकता है. ऐसे लक्षणों के साथ सीने में दबाव, चक्कर आना या सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
होंठों या चेहरे पर नीलापन दिखाई देना:होंठों, चेहरे या उंगलियों के आसपास नीला या स्लेटी रंग दिखाई देना इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल रही है।इसे मेडिकल भाषा में सायनोसिस कहा जाता है। ये गंभीर हृदय या फेफड़ों की समस्या से जुड़ा हो सकता है और ऐसी स्थिति में तुरंत इलाज जरूरी होता है।
स्किन या आंखों का पीला पड़ना:डॉक्टर अंशुल का कहना है कि स्किन या आंखों का पीला होना आमतौर पर हार्ट अटैक का सीधा संकेत नहीं माना जाता। यह कई बार लिवर या रक्त से जुड़ी बीमारियों का संकेत हो सकता है।हालांकि जिन लोगों में पहले से हृदय रोग के जोखिम कारक मौजूद हैं, उन्हें इस तरह के बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
आंखों के आसपास पीले रंग के
छोटे धब्बे:पलकों के आसपास दिखाई देने वाले पीले रंग के छोटे उभरे हुए धब्बों को जैंथेलाज्मा कहा जाता है।ये कोलेस्ट्रॉल और वसा के जमाव के कारण बनते हैं। ऐसे धब्बे होने का मतलब यह नहीं कि व्यक्ति को हार्ट डिजीज जरूर है, लेकिन यह हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है, जो फ्यूचर में हार्ट की बीमारी का रिस्क बढ़ाता है।

