आजकल के डिजिटल जमाने में घर के वाई-फाई से कनेक्ट होना ज्यादातर लोगों की जरूरत बन चुका है। चाहे ऑफिस का काम हो, बच्चों की पढ़ाई, टीवी पर फिल्में देखना हो या घर के स्मार्ट गैजेट्स चलाना, हर चीज के लिए इंटरनेट चाहिए होता है। लेकिन हर बार लंबा और मुश्किल पासवर्ड टाइप करना बड़ा झंझट का काम लगता है। कई बार हमें खुद ही अपने घर के वाई-फाई का पासवर्ड याद नहीं रहता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि आपको बार-बार पासवर्ड डालने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आप बिना पासवर्ड टाइप किए भी अपने फोन या लैपटॉप को बहुत आसानी से और सुरक्षित तरीके से वाई-फाई से कनेक्ट कर सकते हैं। इसके कई तरीके हैं।
LAN कनेक्शन के जरिए
बिना पासवर्ड के इंटरनेट कनेक्ट करने का सबसे आसान तरीका LAN कनेक्शन का इस्तेमाल करना है। इस तरीके से कंप्यूटर या लैपटॉप को सीधे राउटर से जोड़ा जाता है, जिससे आप नेटवर्क सेटिंग्स तक पहुंच सकते हैं और जरूरी जानकारी देख सकते हैं। यह तरीका ज्यादातर तब इस्तेमाल किया जाता है, जब आप अपने घर के नेटवर्क को मैनेज कर रहे हों और बिना पासवर्ड डाले सेटिंग्स चेक करना चाहते हों।
राउटर से कंप्यूटर या लैपटॉप तक एक LAN केबल लगाएं।
कोई ब्राउजर ओपन करें और एड्रेस बार में राउटर का IP एड्रेस डालें।
इसके बाद राउटर डिवाइस पर दी गई लॉगिन जानकारी का इस्तेमाल करके लॉग इन करें।
फिर वाईफाई सेटिंग्स मेनू खोलें।
नेटवर्क की जानकारी देखने के लिए पासवर्ड सेक्शन में जाएं।
WPS बटन का इस्तेमाल करके
एक और तरीका WPS यानी वाईफाई प्रोटेक्टेड सेटअप बटन का इस्तेमाल करना है। यह बटन आमतौर पर राउटर के किनारे या पीछे की तरफ होता है। इसे एक्टिवेट करते ही कुछ डिवाइस बिना पासवर्ड डाले ही कनेक्ट हो सकते हैं। यह प्रोसेस बहुत फास्ट है, इसलिए जब आपको किसी नए डिवाइस को तुरंत कनेक्ट करना हो, तो यह तरीका बहुत काम आता है।
गौरतलब है कि WPS बटन को एक्टिवेट करने के लिए कुछ सेकंड तक दबाकर रखना होता है।
फिर अपने डिवाइस पर वाईफाई मेनू खोलें।
WPS के जरिए कनेक्ट करने का ऑप्शन सिलेक्ट करें।
लेकिन यह तभी काम करता है, जब आपका राउटर WPS को सपोर्ट करता हो।
वाईफाई QR कोड का करें यूज
बिना पासवर्ड टाइप किए नेटवर्क से जुड़ने के लिए वाईफाई QR कोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। आजकल कई स्मार्टफोन में वाईफाई QR कोड स्कैन करने की सुविधा होती है, जिससे कनेक्शन की प्रोसेस बहुत जल्दी पूरी हो जाती है। इस तरीके में एक ऐसा कोड दिखाया जाता है, जिसमें नेटवर्क का नाम और पासवर्ड इस तरह से होता है जिसे आसानी से स्कैन किया जा सके।
इसके लिए अपने स्मार्टफोन में जाकर सेटिंग्स ओपन करें।
फिर वाई-फाई सिलेक्ट करें।
मेन डिवाइस को हमेशा की तरह नेटवर्क से कनेक्ट करें।
QR कोड देखने के लिए नेटवर्क के नाम पर क्लिक कर दें।
QR कोड को स्कैन करने के लिए किसी दूसरे स्मार्टफोन का इस्तेमाल करें।
यह तरीका तब बहुत काम आता है, जब घर में कई डिवाइस को एक साथ कनेक्ट करना हो और आप हर एक डिवाइस में अलग-अलग पासवर्ड नहीं डालना चाहते।

