बीरेंद्र कुमार झा
एनसीपी के बागी नेताओं पर पार्टी कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। बागी 9 विधायकों को एनसीपी ने अयोग्य घोषित करने का प्रस्ताव पास कर दिया है। एनसीपी के बागी विधायकों के मामले पर पार्टी प्रमुख शरद पवार ने प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल को भी कार्रवाई करने का अधिकार दे दिया है। एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने पार्टी प्रमुख शरद पवार को लिखे पत्र में सांसद प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
अयोग्यता की कार्यवाही शुरू करने के लिए लिखा पत्र
एनसीपी ने पार्टी के बागी नेता अजित पवार समेत 8 विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू करने के लिए राज्य अनुशासन समिति के प्रस्ताव के संबंध में पत्र लिखा है। वहीं एनसीपी चीफ शरद पवार ने मामले पर कहा कि राज्य में हमारा संगठन मजबूत है।अजित पवार के बागी होने का फैसला उनका निजी फैसला है।पार्टी को मजबूत करने के लिए हम लोग फिर से संघर्ष करेंगे। हम फिर से पार्टी को खड़ा करेंगे। पवार ने कहा कि लोगों का समर्थन हमारे साथ है।
बदल जाएगी पूरी तस्वीर
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा है अजित पवार खेमे से कई लोगों ने फोन पर कहा है कि उनकी विचारधारा एनसीपी से अलग नहीं है और वे अगले कुछ दिनों में अंतिम फैसला लेंगे। पवार ने यह भी कहा कि मेरे पास विधायकों के पार्टी छोड़ने का पुराना अनुभव है। भविष्य में नतीजे अच्छे होंगे। इससे पहले मीडिया से बात करते हुए शरद पवार ने कहा था कि 3 महीने में पूरी पिक्चर ही बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोगों का समर्थन मिल रहा है। समय आने पर सभी साथ खड़े होंगे।

