बीरेंद्र कुमार झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 जुलाई को 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान ,छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे। वे 36 घंटों के भीतर करीब दर्जनभर कार्यक्रमों में शामिल होंगे।इस दौरान वे लगभग ₹50 हजार करोड़ की करीब 50 पर योजनाओं की सौगात इन राज्यों के निवासियों को देंगे।
उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी तीन राज्यों में इसी साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है, इसलिए प्रधानमंत्री का यह प्रस्तावित दौरा बीजेपी के लिए काफी मायने रखता है।प्रधानमंत्री पांच शहरों गोरखपुर, वाराणसी, बीकानेर रायपुर और वारंगल में लगभग एक दर्जन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे लगभग 50 परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सबसे पहले 7 तारीख को दिल्ली से रायपुर जाएंगे और वहां कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।इनमें रायपुर विशाखापट्टनम कॉरिडोर खंड की आधारशिला भी शामिल है। इसके बाद वे एक जनसभा में भी हिस्सा लेंगे।
गीता प्रेस के कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री गोरखपुर जाएंगे और गीता प्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे तीन वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।वे गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे।गोरखपुर से प्रधानमंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी जाएंगे जहां वे कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से सागर तक डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की नई लाइन का लोकार्पण भी करेंगे । इसके अलावा वे वाराणसी जौनपुर को चार लेन बनाने से जुड़े कार्यक्रम का लोकार्पण और प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट के शिलान्यास भी करेंगे।
तेलंगाना के वारंगल में हुई जनसभा
8 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से तेलंगाना के वारंगल की यात्रा करेंगे। वहां वे नागपुर विजयवाड़ा कॉरिडोर के प्रमुख खंडों सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री एनएच-563 के करीमनगर – वारंगल खंड को फोरलेन करने से जुड़े कार्य की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद वे वारंगल में एक जनसभा में हिस्सा लेंगे।
बीकानेर में भी होंगे कई कार्यक्रम
चुनावी राज्य राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बीकानेर में कार्यक्रम है ।वे वारंगल से सीधे बीकानेर जाएंगे और वहां कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृतसर – जामनगर एक्सप्रेसवे के विभिन्न खंडों को देशवासियों को समर्पित करेंगे ।वे ग्रीन एनर्जी कोरिडोर चरण -1 के लिए अंतरराज्य ट्रांसमिशन लाइन भी समर्पित करेंगे। वे वहां बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के आधारशिला भी रखेंगे।इसके बाद वे वहां एक सार्वजनिक बैठक में हिस्सा लेंगे।

