Bihar News: बिहार के भवन निर्माण विभाग में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। विभाग के नए सचिव प्रणव कुमार ने विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान सचिव कुमार रवि समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
पदभार संभालने के तुरंत बाद सचिव प्रणव कुमार एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं के साथ बैठक कर राज्य में चल रही सभी प्रमुख परियोजनाओं, उनकी प्रगति, कार्यान्वयन और मेंटनेंस व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
PowerPoint Presentation के जरिए दिखाया गया विभाग का विजन
बैठक के दौरान विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं की स्थिति को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से नए सचिव के सामने प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने उन्हें राज्य में बन रहे प्रतिष्ठित भवनों और आने वाली बड़ी परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी दी।
सचिव को बताया गया कि हाल के वर्षों में भवन निर्माण विभाग ने कई बड़े और आइकॉनिक प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा किया है, जिनमें बापू टावर, राजगीर खेल परिसर, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मृति स्तूप और पटना समाहरणालय जैसे प्रमुख भवन शामिल हैं।
“सिर्फ निर्माण नहीं, मेंटनेंस भी सबसे बड़ी प्राथमिकता”
सचिव प्रणव कुमार ने बैठक में साफ कहा कि विभाग का काम केवल नए भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि सरकारी भवनों का बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके दीर्घकालिक संरक्षण के लिए मजबूत और प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए। उनका कहना था कि राज्य की ढांचागत संपत्तियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनाए रखना विभाग की बड़ी जिम्मेदारी है।

सरकारी भवनों की साफ-सफाई और तकनीकी मेंटनेंस पर खास फोकस
बैठक में राज्य के महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की तकनीकी मेंटनेंस, साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सरकारी भवन की गुणवत्ता और उपयोगिता में कमी नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बिहार में Infrastructure को मिलेगा नया Boost
माना जा रहा है कि नए सचिव के नेतृत्व में भवन निर्माण विभाग आने वाले समय में और अधिक तेज गति से काम कर सकता है। विभाग पहले ही कई प्रतिष्ठित परियोजनाओं को पूरा कर चुका है और अब नई योजनाओं पर भी तेजी से काम करने की तैयारी है।
बैठक में विभाग के अपर सचिव, संयुक्त सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता और मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

