PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को ‘नए भारत का शिल्पकार’ बताते हुए उनके राष्ट्रसेवा के लंबे सफर का उल्लेख किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा भी मनाई जा रही है।
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री के संदेश के मुताबिक बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविरों के जरिए प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की कोशिश की जाएगी। अभियान में जनसेवा और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’
सम्राट चौधरी ने बताया कि मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के जरिए विकास कार्यों को गति देने के साथ स्वच्छता और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। बिहार सरकार पहले ही इस अवधि के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर चुकी है।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर बिहार में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन और ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ के संकल्प को मजबूत करने में सहभागी बनें।

