Bihar News: बिहार अब देश-दुनिया के उद्योग जगत के सामने अपनी औद्योगिक संभावनाओं को मजबूती से पेश कर रहा है। राज्य सरकार Bauma CONEXPO INDIA 2026 में स्टेट पार्टनर के तौर पर हिस्सा लेकर विनिर्माण, इंजीनियरिंग, निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में उपलब्ध निवेश अवसरों को प्रदर्शित कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 15 से 18 सितंबर तक चल रहे इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में निर्माण मशीनरी, खनन, इंजीनियरिंग और आधारभूत संरचना से जुड़े प्रमुख उद्योग समूह एवं निवेशक भाग ले रहे हैं।
बिहार पवेलियन में निवेश के अवसरों पर जोर
मेले में बिहार के पवेलियन में Bihar Industrial Investment Promotion Policy (BIIPP) 2025 के साथ औद्योगिक आधारभूत ढांचे और विभिन्न सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। सामान्य विनिर्माण, निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटो कंपोनेंट्स, हेवी इंजीनियरिंग और संबद्ध क्षेत्रों को निवेश के प्रमुख क्षेत्र के रूप में सामने रखा गया है।

राज्य की ओर से उद्योग जगत को औद्योगिक भूमि, निवेश प्रोत्साहन और विकसित हो रहे औद्योगिक बुनियादी ढांचे की जानकारी भी दी जा रही है। सरकार का जोर बिहार में नई विनिर्माण और इंजीनियरिंग इकाइयों की स्थापना के साथ मजबूत औद्योगिक वैल्यू चेन तैयार करने पर है।
वैश्विक मंच से निवेशकों तक पहुंच
Bauma CONEXPO INDIA जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार की मौजूदगी से राज्य को देश-विदेश के उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिल रहा है। इस भागीदारी के जरिए निवेश, कारोबारी साझेदारी और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है।
कहां है बिहार का पवेलियन?
बिहार का पवेलियन हॉल-10, बूथ Q35 में बनाया गया है। यह प्रदर्शनी 15 से 18 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित हो रही है।

