Bihar News: बिहार के बिहटा एयरपोर्ट पर विमानों के सुचारू परिचालन में आ रही समस्याओं को जल्द दूर करने की कवायद तेज हो गई है। 16 सितंबर को गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें एयरफोर्स स्टेशन, बिहटा की ओर से उड़ानों के संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सामने रखा गया।
रनवे के आसपास निर्माण से लेकर नालियों तक पर फोकस
बैठक में रनवे के एप्रोच फनल में मौजूद अनधिकृत निर्माणों की पहचान और एयरफोर्स स्टेशन की बाहरी दीवार के शिखर से 100 मीटर के दायरे में निर्माण गतिविधियों की समीक्षा का मुद्दा प्रमुख रहा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मॉनसूनी नालियों पर हुए अतिक्रमण और अवरोध को हटाने पर भी चर्चा हुई।
जमीन और बिजली व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी समाधान
एयरफोर्स स्टेशन से सटी जमीन के आवंटन, रक्षा भूमि के म्यूटेशन में प्रशासनिक सहयोग और स्टेशन के लिए नवनिर्मित 33 केवी फीडर लाइन को समर्पित किए जाने से जुड़े मामलों पर भी बैठक में विचार किया गया।
अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश

गृह विभाग के प्रधान सचिव ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था एवं कमजोर वर्ग प्रभाग) के. सुहिता अनुपम, विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

