पटना: पटना के खगौल थाना क्षेत्र से लापता हुई 10वीं कक्षा की छात्रा को पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा के स्कूल से घर नहीं लौटने और दानापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे यार्ड की पटरी के नजदीक उसकी स्कूल ड्रेस और बैग मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मानवीय तरीके से जांच शुरू की। जांच के दौरान छात्रा के आसनसोल पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए उसे पटना जंक्शन से सुरक्षित बरामद कर लिया।
स्कूल गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को छात्रा के परिजन की ओर से खगौल थाना में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि छात्रा सुबह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं पहुंची।
परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान दानापुर स्टेशन से सटे रेलवे यार्ड की पटरी के पास छात्रा की स्कूल ड्रेस और स्कूल बैग मिला। छात्रा के वहां मौजूद नहीं होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन
मामले में खगौल थाना कांड संख्या 408/26, दिनांक 10 अगस्त 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, दानापुर-01 के नेतृत्व में खगौल थानाध्यक्ष ने SIT टीम गठित की। टीम ने छात्रा की तलाश के लिए तकनीकी इनपुट के साथ-साथ मानवीय स्रोतों से भी जानकारी जुटाई।
आसनसोल तक पहुंची पुलिस की जांच
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के पश्चिम बंगाल के आसनसोल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक, टीम ने आसनसोल से छात्रा का पीछा करते हुए आखिरकार उसे पटना जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया। इस तरह लापता होने के करीब 36 घंटे के भीतर पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने की कार्रवाई पूरी की।
Instagram के जरिए हुई थी युवक से दोस्ती
पुलिस की पूछताछ में छात्रा ने बताया कि उसकी एक अन्य लड़की से गहरी दोस्ती थी। दोनों की पहचान Instagram के माध्यम से आसनसोल के एक युवक से हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पढ़ाई को लेकर घर में दबाव और कुछ पारिवारिक कारणों के बीच छात्रा अपनी दोस्त और Instagram के जरिए संपर्क में आए युवक के बारे में मिली जानकारी के आधार पर आसनसोल चली गई थी। पुलिस ने मामले में आसनसोल निवासी विशाल कुमार की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
छात्रा के बरामद होने के बाद पुलिस अब घटना में कथित रूप से शामिल युवक विशाल कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
36 घंटे में बरामदगी के पीछे पूरी टीम ने किया काम
छात्रा को सुरक्षित बरामद करने के लिए खगौल थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम में खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार के साथ कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस टीम में मुकेश कुमार, अरविंद कुमार, संजीव कुमार, विकास कुमार, नितिश कुमार, सुनील कुमार, राखी कुमारी, ओम प्रकाश और सुभेन्द्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पश्चिमी पटना की डीआईयू टीम ने भी जांच में सहयोग किया।

