Bihar News : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बुधवार को पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील की।
चुनाव प्रचार के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने जनता रोड स्थित वार्ड संख्या 16 के गंगा उत्सव हॉल में एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के बीच एनडीए सरकार के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को रखते हुए कहा कि विकास की गति बनाए रखने के लिए एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाना आवश्यक है।
बैठक के बाद मंत्री ने अपने सहयोगियों के साथ वार्ड संख्या 16 में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित करते हुए एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
इस चुनाव प्रचार अभियान में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, विधायक संजय पांडे, विधान परिषद सदस्य अनिल ठाकुर और संजय मयूख, विधायक ऋतुराज और राम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी प्रचार अभियान में भाग लिया।
एनडीए नेताओं ने दावा किया कि राज्य सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों के आधार पर जनता का व्यापक समर्थन गठबंधन को मिल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से विकास और स्थिरता के मुद्दे पर एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

