BTech लेटरल एंट्री 2026: 25 जुलाई को जारी होगा पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट, 23 जुलाई तक करें चॉइस फिलिंग

0
6

Bihar News: तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्रों के लिए बड़ी खबर है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने बी-टेक लेटरल एंट्री (द्वितीय वर्ष) में नामांकन प्रक्रिया के तहत पहले राउंड के सीट आवंटन का परिणाम 25 जुलाई को जारी करने की घोषणा की है। अभ्यर्थी अपना सीट अलॉटमेंट रिजल्ट पर्षद की वेबसाइट पर अपने लॉगिन के माध्यम से देख सकेंगे।

पर्षद के अनुसार, ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत 13 जुलाई से शुरू हुई चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 23 जुलाई तक जारी रहेगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर विकल्प भरने वाले अभ्यर्थियों को उनकी मेधा सूची (मेरिट) और चॉइस प्रेफरेंस के आधार पर सीटें आवंटित की जाएंगी।

इन संस्थानों में मिलेगा प्रवेश

यह काउंसलिंग बिहार के सभी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विमेंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दरभंगा (ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंतर्गत) में संचालित बी-टेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है।

चॉइस लॉक करना न भूलें

बीसीईसीईबी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने विकल्पों को स्वयं चॉइस लॉक कर लें। यदि कोई अभ्यर्थी ऐसा नहीं करता है, तो अंतिम तिथि के बाद उसके द्वारा भरे गए विकल्प स्वतः लॉक कर दिए जाएंगे। साथ ही छात्रों को अपने भरे गए विकल्पों का प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि आगे की प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बेहतर करियर का सुनहरा अवसर

राज्य सरकार का कहना है कि बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में अब राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक आधारभूत संरचना और योग्य शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कम शुल्क में उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा मिलने से डिप्लोमा धारक छात्रों के लिए बी-टेक के दूसरे वर्ष में सीधे प्रवेश लेकर अपने करियर को नई दिशा देने का यह बेहतरीन अवसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here