मोदी ने कहा अबकी बार चार सौ पार का नारा जनता ने लगाया है 

0
188

न्यूज़ डेस्क  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी लोकसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में आज दावा करते हुए कहा कि “अबकी बार चार सौ पार” का नारा चारों ओर सुनायी दे रहा है और यह जनता का स्वयं का है।

 मोदी ने वर्चुअली तरीके से जुड़कर मध्यप्रदेश को लगभग 17 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें मुख्य रूप से रेल, सड़क और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में स्थापित की गयी विश्व की पहली ‘वैदिक घड़ी’ की शुरूआत की। इस कार्यक्रम में भोपाल से राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी जुड़े।

मोदी ने कहा कि “अबकी बार चार सौ पार” का नारा चारों ओर सुनायी दे रहा है। यह नारा जनता ने स्वयं बुलंद किया है और यह जनता जनार्दन का नारा है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” पर जनता मुहर लगा रही है। उन्होंने बताया कि आज के इस आयोजन से वर्चुअली तरीके से लगभग 15 लाख लोग जुड़े हैं। श्री मोदी ने अपने संबोधन के शुरूआत में डिंडोरी बस हादसे में मृत यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

पीएम  मोदी ने कहा कि “विकसित राज्य से विकसित भारत अभियान” के तहत आज हम मध्यप्रदेश के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ लाखों साथी जुड़े हैं। जब राज्य विकसित होंगे, तभी देश विकसित होगा। मध्यप्रदेश भी इसी संकल्प के साथ जुड़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कालगणना की नगरी के नाम से मशहूर उज्जैन में स्थापित हुयी वैदिक घड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि हम विरासत और विकास को एकसाथ लेकर चल रहे हैं। इसका प्रमाण उज्जैन में लगी वैदिक घड़ी है। कभी यह नगर पूरी दुनिया के लिए कालगणना के महत्व का था। लेकिन अब हमने वैदिक घड़ी भी स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि जिनको कोई नहीं पूछता, उनको मोदी पूछता है। उनका प्रचार मोदी करता है और करता रहेगा। श्री मोदी ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय देश में विदेशी खिलौनों के भंडार थे, लेकिन अब देश में देशी खिलौनों के भंडार हैं और इनका निर्यात हो रहा है।

मोदी ने पिछले नौ दस सालों के दौरान हुए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि अब विदेश में भारत की साख बढ़ी है। भारतीयों को सम्मान मिलता है। साख का लाभ निवेश और पर्यटन में वृद्धि में मिलता है। इसके अलावा देश में सड़कों और अन्य क्षेत्रों में “कनेक्टिविटी” बेहतर हो रही है। इस वजह से भी हर क्षेत्र में तरक्की हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्ष हमारी बेटियों के सशक्तिकरण के होंगे। हर गांव में अनेक लखपति दीदियां बनेंगी। महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में और प्रोत्साहन दिया जाएगा। शहरों के मुकाबले गांवों में आय ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here