Bihar News: बिहार में मखाना इंडस्ट्री की बड़ी उड़ान! दरभंगा में बनेगी ₹27 करोड़ की हाईटेक फैक्ट्री, 300 लोगों को मिलेगा रोजगार

0
5

Bihar News: बिहार के प्रसिद्ध “मिथिला मखाना” को अब आधुनिक औद्योगिक पहचान मिलने जा रही है। राज्य के दरभंगा स्थित औद्योगिक क्षेत्र डोनार में Makhayo Foods Pvt. Ltd. द्वारा अत्याधुनिक मखाना प्रोसेसिंग एवं निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। करीब ₹27.44 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना बिहार के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाली मानी जा रही है।

यह हाईटेक यूनिट 2.20 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जहां मखाना प्रसंस्करण, पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन का काम आधुनिक तकनीक के साथ किया जाएगा। इस परियोजना के जरिए लगभग 300 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीण समुदायों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।

इस परियोजना को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति की बैठक में स्वीकृति दी गई। बैठक की अध्यक्षता उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार ने की। बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बिहार सरकार की उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक और कृषि आधारित उद्योगों को आधुनिक औद्योगिक ढांचे से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि “मिथिला मखाना” को 2022 में GI टैग मिलना बिहार के लिए गर्व की बात है, जिसने राज्य के मखाना उत्पादकों को वैश्विक पहचान दिलाई है।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि मखाना आधारित प्रोसेसिंग इकाइयों के स्थापित होने से न केवल रोजगार और स्वरोजगार बढ़ेंगे, बल्कि किसानों को बेहतर बाजार और उनके उत्पाद का उचित मूल्य भी मिलेगा। इससे बिहार का कृषि आधारित उद्योग और मजबूत होगा।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, आसान प्रक्रियाएं और नीतिगत सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारा जा सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना बिहार के मखाना उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे किसानों, उद्यमियों और स्थानीय सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here