Travel Health Tips: कई लोगों को घूमना-फिरना और नई जगहों की यात्रा करना पसंद होता है, लेकिन सफर शुरू होते ही उल्टी, चक्कर, जी मचलाना और बेचैनी जैसी समस्याएं उनका पूरा मूड खराब कर देती हैं। यही वजह है कि कुछ लोग लंबी यात्रा से बचने लगते हैं। अक्सर माना जाता है कि यात्रा से पहले भारी या मसालेदार खाना खाने के कारण ऐसा होता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण होता है, जिसे मोशन सिकनेस कहा जाता है।
क्या होती है मोशन सिकनेस?
मोशन सिकनेस एक ऐसी स्थिति है, जब शरीर और मस्तिष्क के बीच गति को लेकर अलग-अलग संकेत पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान आंखें, भीतरी कान, मांसपेशियां और जोड़ों से दिमाग को अलग-अलग संदेश मिलते हैं। इस असंतुलन के कारण नर्वस सिस्टम भ्रमित हो जाता है और व्यक्ति को उल्टी, चक्कर, सिरदर्द, बेचैनी या कभी-कभी बेहोशी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सफर में मोशन सिकनेस से बचने के आसान उपाय
1. अदरक का करें सेवन
यात्रा के दौरान अदरक काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व जी मचलाने, पेट की गड़बड़ी और उल्टी की समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं। सफर से पहले अदरक वाली चाय पी सकते हैं या अदरक कैंडी, नमक के साथ कच्ची अदरक का छोटा टुकड़ा भी खा सकते हैं।
2. केला खाकर निकलें घर से
केला शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ पोटैशियम की कमी को भी पूरा करता है। सफर शुरू करने से पहले केला खाने से शरीर में ताजगी बनी रहती है और कमजोरी महसूस नहीं होती।
3. शरीर को रखें हाइड्रेटेड
यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। कई लोग बार-बार वॉशरूम जाने के डर से पानी कम पीते हैं, लेकिन इससे डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है। थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहें। चाहें तो नींबू पानी या ग्लूकोज वाला पानी भी ले सकते हैं।
4. पानी वाले फल खाएं
खीरा, तरबूज, अमरूद या अन्य रसदार फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। ऐसे फल खाने से पेट हल्का रहता है और जी मचलाने की समस्या भी कम हो सकती है।
5. ज्यादा मीठा खाने से बचें
कुछ लोगों को सफर के दौरान मीठी चीजें खाने से परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए यात्रा के समय अत्यधिक मिठाई या शुगर युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में करें।
6. शराब और कैफीन से दूरी बनाएं
यात्रा से पहले या यात्रा के दौरान शराब, कॉफी या अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थों का सेवन करने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इससे मोशन सिकनेस के लक्षण और अधिक बढ़ सकते हैं।
7. तला-भुना और भारी भोजन न करें
सफर शुरू करने से पहले भारी, मसालेदार और तली हुई चीजें खाने से बचना चाहिए। ऐसा भोजन पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जिससे उल्टी और बेचैनी की संभावना बढ़ सकती है।
8. ताजी हवा लें और बीच-बीच में आराम करें
यदि यात्रा के दौरान जी मचलाने लगे तो कुछ देर के लिए ताजी हवा में सांस लें। संभव हो तो वाहन की खिड़की खोलें या बीच-बीच में छोटा ब्रेक लेकर बाहर निकलें। इससे राहत महसूस हो सकती है।
- यात्रा के दौरान इन बातों का भी रखें ध्यान
- मोबाइल फोन या किताब पढ़ने से बचें।
- हमेशा सामने की ओर देखने की कोशिश करें।
- वाहन में आगे की सीट पर बैठना बेहतर माना जाता है।
- लगातार नीचे या इधर-उधर देखने से बचें।
- गहरी और सामान्य सांस लेते रहें।
मोशन सिकनेस एक आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या है, जो यात्रा के आनंद को खराब कर सकती है। हालांकि कुछ आसान घरेलू उपाय और सावधानियां अपनाकर इसके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यदि समस्या बार-बार और गंभीर रूप से होती है तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।

