Bihar News: बिहार में आएगी इंडस्ट्रियल क्रांति! श्रेयसी सिंह की दिल्ली बैठक से बढ़ीं उम्मीदें, डिफेंस कॉरिडोर से मेगा टेक्सटाइल पार्क तक पर हुई चर्चा

0
5

Bihar News: बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार सरकार की उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने नई दिल्ली दौरे के दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश, टेक्सटाइल इंडस्ट्री, डिफेंस कॉरिडोर और बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को लेकर विस्तृत चर्चा की।

श्रेयसी सिंह ने सबसे पहले केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात की। बैठक में बिहार में औद्योगिक विकास को तेज करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने बिहार के औद्योगिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

इसके बाद उद्योग मंत्री ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर बिहार में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, नए निवेश और रोजगार सृजन पर बातचीत की। बैठक में बिहार के पारंपरिक हस्तशिल्प और हैंडलूम सेक्टर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ।

दिल्ली दौरे की सबसे अहम बैठक केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ हुई। इस दौरान बिहार में डिफेंस कॉरिडोर और DRDO की स्थापना की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि अगर यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो बिहार में रक्षा आधारित उद्योगों और हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।

श्रेयसी सिंह ने केंद्रीय मंत्रियों के सामने बिहार के लिए कई बड़े प्रस्ताव भी रखे। इनमें दो मेगा टेक्सटाइल पार्क, सिल्क टूरिज्म क्लस्टर, हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट क्लस्टर, राष्ट्रीय हस्तशिल्प वस्त्र एवं इनोवेशन संस्थान, स्पोर्टेक एवं एग्रोटेक क्लस्टर और बेगूसराय इंडस्ट्रियल पार्क जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा ‘भव्य’ योजना के तहत चार नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने का भी प्रस्ताव दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे बिहार में निवेश, कौशल विकास और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार निवेश और उद्योग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

राजनीतिक और औद्योगिक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ये योजनाएं जमीन पर उतरती हैं तो बिहार आने वाले वर्षों में देश के बड़े औद्योगिक हब के रूप में उभर सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here