IndiGo Flight Lightning Strike: पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। घटना उस वक्त हुई, जब विमान लखनऊ के करीब पहुंचते हुए लगभग 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने के बाद विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि इस घटना के बावजूद पायलट ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित रूप से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतार लिया। विमान में 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी के सुरक्षित होने की जानकारी है।
लैंडिंग के बाद विमान की जांच, उड़ान पर लगी रोक
इंडिगो की फ्लाइट 6E925 ने पटना से दोपहर करीब 3:10 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन विमान करीब 4:05 बजे ही एयरपोर्ट पर उतर गया। लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच की गई। इसी दौरान उसमें खराबी सामने आई, जिसके बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया। मामले की जानकारी विमानन नियामक DGCA को भी दी गई है। नियामकीय जांच और जरूरी मंजूरी के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
लखनऊ पहुंचने के बाद इसी विमान को शाम 5:05 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E6968 के तौर पर अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। लेकिन तकनीकी जांच में समस्या सामने आने के कारण यह उड़ान प्रभावित हुई।
यात्रियों को ज्यादा परेशानी से बचाने के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। इसके बाद यात्रियों को करीब 6:22 बजे दूसरे विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया।
पहले भी इंडिगो विमान पर गिर चुकी है बिजली
इंडिगो के विमान से जुड़ी ऐसी घटना पहले भी सामने आ चुकी है। 19 जून को खराब मौसम के दौरान कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर आकाशीय बिजली गिरी थी। यह विमान अगरतला के लिए उड़ान भरने वाला था। बिजली गिरने के बाद विमान के पावर सिस्टम पर असर पड़ा था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान में मौजूद 141 यात्रियों और 6 क्रू सदस्यों को उतार लिया गया था। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया।
लैंडिंग के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया
इंडिगो के विमानों से जुड़ी हालिया घटनाओं में गुवाहाटी-बेंगलुरु फ्लाइट की लैंडिंग भी शामिल है। तेज हवाओं के बीच बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया था।
घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने विमान की मेंटेनेंस जांच शुरू की और नियामकीय मंजूरी मिलने तक उसे परिचालन से बाहर रखा।
गोवा में भी करनी पड़ी थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान के कुछ समय बाद तकनीकी समस्या सामने आई थी। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने मानक प्रक्रिया के तहत विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ा। विमान में 229 यात्री सवार थे। बाद में विमान को गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। इस घटना में भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई थी।

